उत्तर प्रदेश राज्य बाढ़ नियंत्रण परिषद की स्थायी संचालन समिति की 60वीं बैठक संपन्न

लखनऊ, 12 दिसंबर 2025 – उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में आज उत्तर प्रदेश राज्य बाढ़ नियंत्रण परिषद की स्थायी संचालन समिति की 60वीं बैठक सम्पन्न हुई। बैठक का आयोजन उदयगंज स्थित सिंचाई विभाग के मुख्यालय में किया गया।

बैठक में प्रदेश में बाढ़ नियंत्रण से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की व्यापक समीक्षा की गई। जलशक्ति मंत्री ने अधिकारियों को कटाव रोधी कार्यों, तटबंध संरक्षण और नदी तटीय सुधार से जुड़ी परियोजनाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नियमित निरीक्षण और निगरानी तंत्र को और मजबूत किया जाए।

बैठक में नदियों, नालों, तटबंधों और बांधों के सुदृढ़ीकरण के कार्यों की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर विस्तृत चर्चा हुई। बाढ़ क्षेत्रों में जल निकासी तंत्र, पम्प हाउस और तटबंधों की स्थिति का मूल्यांकन भी प्रस्तुत किया गया।

जलशक्ति मंत्री ने क्षेत्रीय मुख्य अभियंताओं को निर्देश दिए कि 30 जून तक ड्रेनों की सफाई का कार्य पूर्ण किया जाए और सफाई के वीडियो/फोटोग्राफ तैयार कर सुरक्षित रखे जाएं। इसके अलावा, क्षेत्रीय मुख्य अभियंताओं से यह भी कहा गया कि अपने अधीन कार्यरत नदियों, नालों तथा तटबंधों का विवरण और वित्तीय वर्ष 2018-19 से 2025-26 तक कराए गए कार्यों सहित लाभ का प्रस्तुतिकरण तैयार कर सुरक्षित रखा जाए।

बैठक में जलशक्ति राज्य मंत्री श्री रामकेश निषाद, प्रमुख सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन श्री अनिल गर्ग, प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष श्री संदीप कुमार, प्रमुख अभियंता (परिकल्प एवं नियोजन) श्री अशोक कुमार सिंह, प्रमुख अभियंता (परियोजना) श्री सोरण सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक का उद्देश्य बाढ़ नियंत्रण परियोजनाओं की समय पर पूर्णता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा प्रदेशवासियों को बाढ़ से सुरक्षित रखना बताया गया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *