लखनऊ: पुलिस आयुक्त के आदेश पर दर्ज हुई विवाहिता की संदिग्ध मौत की FIR

सरोजनीनगर, लखनऊ: पुलिस आयुक्त लखनऊ के आदेश पर बंथरा थाना में दो माह पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई विवाहिता इशीका की मौत के मामले में दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। इस कदम के बाद पुलिस ने मामले की गंभीर जांच शुरू कर दी है।

सरोजनीनगर के गहरू स्थित स्कूटर इंडिया गेट नंबर-1 में रहने वाले संतोष कुमार ने बताया कि इशीका का विवाह वर्ष 2017 में बंथरा के भदोई निवासी अजीत कुमार से हुआ था। शादी के तुरंत बाद से ही ससुराल वाले दहेज में दिए गए सामानों से असंतुष्ट थे और चार पहिया वाहन की मांग करने लगे। विवाह के बाद मृतका को पति, सास-ससुर और देवर-ननद द्वारा बार-बार प्रताड़ित किया जाता रहा।

संतोष ने बताया कि पहली बार गर्भावस्था के दौरान कन्या भ्रूण होने की आशंका पर इशीका के साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया। 2019 में पुत्री के जन्म के दौरान टीएस मिश्रा अस्पताल में ससुराल वालों ने सहयोग नहीं किया, जिसके कारण बच्ची का पालन-पोषण मायके वालों ने किया। लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना से परेशान इशीका ने महिला आयोग और न्यायालय में भरण-पोषण का वाद भी दायर किया।

संतोष ने बताया कि गाँव वालों की मध्यस्थता में 2022 में सुलह समझौता कर मृतका को पुनः ससुराल भेजा गया। लेकिन 15 सितंबर 2025 की सुबह सूचना मिली कि इशीका ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने घटना स्थल पर पहुंचकर देखा कि ससुराल वालों ने उन्हें अंदर नहीं जाने दिया और पुलिस के आने से पहले कथित फांसी का फंदा काटकर शव नीचे उतार दिया।

संतोष का आरोप है कि ससुराल वालों के दबाव में पुलिस ने कार्रवाई में लापरवाही बरती और पीड़ित पक्ष की रिपोर्ट तत्काल दर्ज नहीं की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराए गए वीडियो साक्ष्य और मृतका के शरीर पर मारपीट के निशान यह संकेत देते हैं कि मौत संदिग्ध है और दहेज हत्या की आशंका है। उन्होंने मृतका के पति अजीत, सास-ससुर और देवर-ननद पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया।

पुलिस आयुक्त के निर्देश पर बंथरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी पक्षों के बयानों और उपलब्ध सबूतों की पड़ताल की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव के फंदे, वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *