अनुकूल हवाओं के कारण दिल्ली के एक्यूआई में थोड़ा सुधार, राजधानी की हवा अब भी ‘बेहद खराब’

नयी दिल्ली, 29 नवंबर :  दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार को ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी रही, हालांकि प्रदूषण स्तर में मामूली गिरावट दर्ज की गई।
औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 305 पर रहा।
अधिकारियों के अनुसार, अनुकूल हवाओं की दिशा एवं गति तथा पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाओं में आई कमी से प्रदूषण के स्तर में यह गिरावट दर्ज की गई है।
‘स्काईमेट वेदर’ के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रहने की आशंका है। हवा की गति तेज रहने की संभावना के कारण, वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) कम से कम अगले दो दिनों तक ‘गंभीर’ श्रेणी में नहीं जाएगा।
इस बीच, दिल्ली में लगातार 16वें दिन भी औसत एक्यूआई ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, राजधानी का समग्र एक्यूआई शनिवार को 305 रहा, जबकि शुक्रवार को यह 369, बृहस्पतिवार को 377, बुधवार को 327, मंगलवार को 352 और सोमवार को 382 दर्ज किया गया था।
सीपीसीबी के अनुसार, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51-100 को ‘संतोषजनक’, 101-200 को ‘मध्यम’, 201-300 को ‘खराब’, 301-400 को ‘बहुत खराब’ और 401-500 को ‘गंभीर’ माना जाता है।
सीपीसीबी के समीर ऐप से पता चला कि दिल्ली के 38 सक्रिय निगरानी स्टेशनों में से किसी ने भी शनिवार को एक्यूआई को ‘गंभीर’ श्रेणी में दर्ज नहीं किया, जबकि एक दिन पहले आठ स्टेशनों ने ‘गंभीर’ श्रेणी में प्रदर्शित की थी।
वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली ने दिल्ली के लिए पूर्वानुमान लगाया है कि आगामी सप्ताह में एक्यूआई ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहेगा।
शनिवार को दोपहर से लेकर शाम तक उत्तर-पश्चिम से 15 किमी प्रति घंटे की गति से सतही हवाएं चलीं।
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, शहर के 38 निगरानी स्टेशनों में से 15 ने वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की, एक ने ‘मध्यम’ श्रेणी में एक्यूआई दर्ज किया, जबकि बाकी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में रहे।
भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान, पुणे की निर्णय सहायता प्रणाली ने अनुमान लगाया कि शनिवार को दिल्ली के प्रदूषकों में वाहनों से निकलने वाले उत्सर्जन का योगदान 18.7 प्रतिशत था।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *