लखनऊ में वायु प्रदूषण से निपटने नगर निगम सक्रिय, एंटी स्मॉग गन से छिड़काव और सड़कों की सफाई तेज

लखनऊ। बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए नगर निगम लखनऊ ने शहर में पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने के लिए अपनी गतिविधियाँ और तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर शहर के विभिन्न इलाकों में एंटी स्मॉग गन से लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि हवा में मौजूद धूल और प्रदूषक कणों का फैलाव कम हो सके। साथ ही, सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थलों पर पड़े निर्माण एवं विध्वंस कचरे (C&D वेस्ट) के निस्तारण के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

कूड़े में आग लगाने पर सख्त कार्रवाई

नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि किसी भी क्षेत्र में कूड़े में आग लगाने की घटना पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर आयुक्त ने कहा कि वायु प्रदूषण की रोकथाम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निर्माण स्थलों पर सख्ती

शहर के विभिन्न निर्माण स्थलों पर प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए नियमित पानी का छिड़काव अनिवार्य किया गया है। नगर निगम ने निर्देश दिए हैं कि सभी निर्माण स्थलों पर ग्रीन-नेट लगाना सुनिश्चित किया जाए ताकि उड़ने वाली धूल को रोका जा सके। अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण टीमें लगातार पेट्रोलिंग कर रही हैं।

प्रमुख क्षेत्रों में एंटी स्मॉग गन का संचालन

नगर निगम की टीमों द्वारा शहरभर में एंटी स्मॉग गन का उपयोग किया जा रहा है। प्रमुख क्षेत्रों में छिड़काव इस प्रकार किया गया:

गोमती नगर: विभूति खंड, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, हयात होटल मार्ग

अलीगंज: पुरनिया चौराहा, केंद्रीय विद्यालय क्षेत्र

तालकटोरा: इंडस्ट्रियल एरिया

लालबाग: विधानसभा भवन, बीजेपी मुख्यालय, स्मार्ट सिटी दफ्तर, दया निदान पार्क

आशियाना क्षेत्र: बाबा साहब भीमराव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के आस-पास

वृंदावन कॉलोनी: डिफेंस एक्सपो ग्राउंड में जंबूरी कार्यक्रम के दौरान पूरे मैदान में धूल उड़ने से रोकने के लिए

छह एंटी स्मॉग गन वाहन लगातार सक्रिय

शहर में 6 एंटी स्मॉग गन वाहन सक्रिय हैं, जो निर्धारित समय के अनुसार शहर के विभिन्न हिस्सों में जाकर छिड़काव कर रही हैं। इन वाहनों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर प्राथमिकता से भेजा जा रहा है।

नगर आयुक्त गौरव कुमार ने बताया कि यह अभियान वायु प्रदूषण को नियंत्रण में लाने और नागरिकों को स्वच्छ हवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण है। शहर को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए आगे भी इसी तरह सघन कार्रवाई की जाएगी और किसी भी लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *