शाहजहांपुर में दर्दनाक सड़क हादसा : रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत


 फ़ाल्गुनी श्रीवास्तव, संवाददाता, शाहजहांपुर

शाहजहांपुर। थाना पुवायां क्षेत्र के इनायतपुर के पास रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। शाहजहांपुर डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई और युवक बस के नीचे दब गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को बस के नीचे से निकलवाया। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना दोपहर करीब दो बजे हुई। रोडवेज बस पुवायां से खुटार की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार खुटार से पुवायां की दिशा में आ रहा था। बताया जा रहा है कि युवक एक ट्रक को ओवरटेक कर रहा था, तभी सामने से आ रही बस से आमने-सामने टक्कर हो गई।

हादसे के समय युवक ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन जोरदार टक्कर में उसे गंभीर सिर की चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने कपड़ों में मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान रंजीत कुमार, निवासी लखीमपुर जिला के रूप में की है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी पुवायां ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है और बस चालक की तलाश जारी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *