ऋषभ पंत टेस्ट टीम में वापसी, शमी को जगह नहीं

नयी दिल्ली, 5 नवंबर  – स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने पैर की चोट से उबरकर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आगामी दो मैचों की घरेलू टेस्ट श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में वापसी की है। वहीं तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी एक बार फिर टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे।

पंत को जुलाई में मैनचेस्टर में इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टेस्ट के दौरान चोट लगी थी, जिसके कारण वह वेस्टइंडीज के खिलाफ श्रृंखला में नहीं खेल सके। चोट से उबरने के बाद उन्होंने बेंगलुरू में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ भारत ए टीम की कप्तानी की और दूसरी पारी में 90 रन बनाए। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम में पंत ने एन जगदीशन की जगह ली है।

तीन रणजी मैचों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले शमी को टीम में जगह नहीं मिली। 35 वर्षीय शमी ने उत्तराखंड और गुजरात के खिलाफ बंगाल की जीत में अहम योगदान दिया और तीन मैचों में 93 ओवर डालकर 15 से अधिक विकेट लिए। चयनकर्ताओं ने माना कि घरेलू क्रिकेट में शमी ने लंबे स्पैल नहीं डाले और अगले छह महीनों में भारत के पास टेस्ट मैच नहीं हैं, जिससे शमी के लिए अवसर सीमित हो गए हैं।

बंगाल के तेज गेंदबाज आकाश दीप भी कंधे की चोट से उबरकर वापसी कर चुके हैं। उन्होंने रणजी ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी के जरिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी की और अब भारत ए टीम का हिस्सा हैं। भारत ए टीम बृहस्पतिवार से बेंगलुरू में दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ दूसरे चार दिवसीय मैच में खेलेगी।

भारतीय टेस्ट टीम में तेज गेंदबाजों में जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज शामिल हैं, जबकि स्पिन कमान रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और हरफनमौला वॉशिंगटन सुंदर के पास होगी। पहला टेस्ट कोलकाता में 14 नवंबर से और दूसरा गुवाहाटी में 22 नवंबर से खेला जाएगा।

चयनकर्ताओं ने दक्षिण अफ्रीका ए के खिलाफ तीन मैचों की श्रृंखला के लिए भारत ए वनडे टीम की भी घोषणा की है, जिसमें तिलक वर्मा को कप्तान बनाया गया है। ये मैच 13, 16 और 19 नवंबर को राजकोट में खेले जाएंगे।

भारतीय टेस्ट टीम: शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साइ सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, नीतिश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और आकाश दीप।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *