अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला: “यह फुस्स फुलझड़ी सरकार है, इससे बिजली की उम्मीद मत रखिए”

लखनऊ में धनतेरस और दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सरकार को “फुस्स फुलझड़ी सरकार” करार देते हुए तंज कसा कि इस सरकार से बिजली की कोई उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने लखनऊ में फैले जाम, बदहाल व्यवस्था और अव्यवस्थित विकास को लेकर सरकार की जमकर आलोचना की।

अखिलेश यादव ने लखनऊ को ‘स्मार्ट सिटी’ कहे जाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब राजधानी लखनऊ में जगह-जगह जाम लगा रहता है, लोग घंटों फंसे रहते हैं और बुनियादी सुविधाएं बदहाल हैं, तो इसे स्मार्ट सिटी कहना सिर्फ मज़ाक है। उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा कि जिसने लखनऊ को देश की तीसरी सबसे स्मार्ट सिटी का अवॉर्ड दिया है, उस पर एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।

“मुख्यमंत्री स्टार प्रचारक नहीं, स्टार विभाजक बन गए हैं”

सपा प्रमुख ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बिहार चुनाव में भूमिका पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अब स्टार प्रचारक नहीं, बल्कि “स्टार विभाजक” बन गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए सरकार समाज को बांटने, नफरत फैलाने और नागरिकों के बीच भेदभाव करने की राजनीति कर रही है। अखिलेश ने कहा कि ऐसी राजनीति देश को पीछे ले जा रही है और युवाओं को रोजगार देने या महंगाई पर लगाम लगाने जैसे असल मुद्दों से ध्यान भटका रही है।

“अयोध्या में अरबों का भ्रष्टाचार, सरकार नहीं दे रही मुआवजा”

अखिलेश यादव ने अयोध्या में कथित भ्रष्टाचार और अवैध निर्माण को लेकर भी सरकार पर बड़ा आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में अरबों रुपए का घोटाला हुआ है और सबसे अधिक अवैध निर्माण बीजेपी नेताओं के संरक्षण में कराए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार महाकुंभ की तैयारियों के नाम पर किसानों और जमीन मालिकों से भूमि अधिग्रहण कर रही है, लेकिन उन्हें मुआवजा तक नहीं दिया जा रहा।

उन्होंने कहा, “सरकार का दिल बहुत छोटा है, जो पीड़ितों को उनका हक देने से कतराती है।” उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार में जो विकास के कार्य हुए, आज वही बीजेपी अपने नाम पर भुना रही है।

दीपावली की रौशनी के बीच अखिलेश यादव ने अपनी सियासी बयानबाजी से सियासी तापमान जरूर बढ़ा दिया है। आने वाले चुनावों में यह बयानबाज़ी और भी तेज़ होने की उम्मीद है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *