हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मिले राहुल गांधी, कहा – ‘हमारे बेटे को मारा गया है, हम केवल न्याय मांग रहे हैं’


रायबरेली की ऊंचाहार में मॉब लिंचिंग की घटना से दुखी परिवार से की मुलाकात, भावुक हुए कांग्रेस सांसद

फतेहपुर/रायबरेली। कांग्रेस सांसद और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शुक्रवार सुबह उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले के ऊंचाहार क्षेत्र में मॉब लिंचिंग का शिकार हुए हरिओम वाल्मीकि के परिजनों से मुलाकात की। राहुल गांधी जब पीड़ित परिवार के घर पहुंचे, तो वहां का माहौल बेहद भावुक और शोकपूर्ण था। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाया और हर कदम पर साथ देने का भरोसा दिलाया।

हरिओम के माता-पिता, भाई और अन्य परिजन कांग्रेस नेता को देखकर रो पड़े। हरिओम की मां राहुल के सामने फफक कर रोने लगीं। राहुल गांधी ने उनका हाथ पकड़कर शांत कराया और उन्हें सांत्वना दी। राहुल गांधी ने हरिओम के पिता को गले लगाकर उन्हें दिलासा दिया। उन्होंने कहा, “हमारे बेटे, हमारे भाई को मारा गया है। उसकी हत्या की गई है। हम केवल न्याय मांग रहे हैं।”

राहुल गांधी ने कहा कि, “अपराध इस परिवार ने नहीं किया, बल्कि इनके खिलाफ हुआ है। लेकिन इन्हें डराया जा रहा है, घर में बंद कर रखा गया है। ये लोग बस न्याय चाहते हैं। मैं मुख्यमंत्री से कहना चाहता हूं कि इन्हें न्याय दीजिए, इनका सम्मान कीजिए। जो अपराधी हैं उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कीजिए।”

गौरतलब है कि 2 अक्टूबर को रायबरेली के ऊंचाहार इलाके में हरिओम वाल्मीकि की भीड़ ने चोर समझकर बर्बर तरीके से पिटाई कर दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई। बताया गया कि पिटाई के दौरान हरिओम ने अपना नाम, पता और अंतिम सांसों में राहुल गांधी का नाम भी लिया था। यह बात सामने आने के बाद यह मामला राजनीतिक रूप से गर्म हो गया।

राहुल गांधी ने इस घटना को दलितों के खिलाफ बढ़ते अत्याचार का उदाहरण बताते हुए कहा कि देश में दलितों पर हो रहे अत्याचार, हत्याएं और दुष्कर्म की घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ है और जो भी संभव मदद होगी, वो की जाएगी।

राहुल गांधी की इस मुलाकात ने न सिर्फ पीड़ित परिवार को सहारा दिया, बल्कि इस घटना को लेकर प्रशासन और सरकार पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिवार को न्याय दिलाने की मांग अब और तेज हो गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *