एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को मजबूत करने के लिए राज्यों के त्योहार दिल्ली में मनाएं: मोदी

नयी दिल्ली, 29 सितंबर । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि दिल्ली एक ”लघु भारत’’ है जहां विभिन्न राज्यों के लाखों लोग रहते हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ताओं से ”एक भारत श्रेष्ठ भारत’’ और देश की एकता की भावना को मजबूत करने के लिए विभिन्न राज्यों के लोगों के साथ प्रमुख क्षेत्रीय त्योहार मनाने का आ’’ान किया।

मोदी ने दीनदयाल उपाध्याय मार्ग स्थित दिल्ली भाजपा के नये कार्यालय भवन का उद्घाटन करने के बाद कहा कि दिल्ली न केवल देश की राजधानी है, बल्कि इसकी सांस्कृतिक विविधता की भी राजधानी है। उन्होंने कहा, “दिल्ली में एक छोटा भारत बसता है। विभिन्न राज्यों के लाखों लोग यहां रहते हैं। इसलिए हमें दिल्ली में एक भारत, श्रेष्ठ भारत की भावना को निरंतर मजबूत करना चाहिए।”
राजधानी में सिख गुरुओं के प्रकाश पर्व, असम के वीर योद्धा लाचित बोरफुकन की 400वीं जयंती, छठ, दुर्गा पूजा और पोंगल जैसे विभिन्न क्षेत्रीय त्योहारों के धूमधाम से मनाए जाने का हवाला देते हुए, मोदी ने कहा कि उन्हें इनमें से कुछ कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर मिला है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि सिंगापुर हवाई अड्डे पर दिवाली की शुभकामनाएं पाकर या विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों को दीया जलाते देख कर भारतीयों को खुशी और अपार गर्व का अनुभव होता है।
मोदी ने कहा, ”मैं दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे देश के विभिन्न हिस्सों के त्योहारों को उन राज्यों के लोगों के साथ धूमधाम से मनाएं जो यहां बसे हैं। हमें ऐसा करके उन्हें यह एहसास दिलाना चाहिए कि एक भारत श्रेष्ठ भारत की भावना केवल एक नारा नहीं है, बल्कि इस भावना की अभिव्यक्ति है कि भाजपा मेरा परिवार है।’’

उन्होंने कहा कि देश का हर त्योहार “भारत और भारतीयता का त्योहार” बनना चाहिए। उन्होंने कहा, “यह देशभक्ति जैसे हमारे आदर्शों को भी पूरा करेगा, जिनके साथ हम जीवन जीते हैं।”
प्रधानमंत्री ने दिल्ली भाजपा और उसके कार्यकर्ताओं पर भी भरोसा जताया कि वे लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने और शहर को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ राजधानियों में से एक बनाने के सपने को साकार करने के लिए अथक परिश्रम करेंगे।
दिल्ली भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद, मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी और कहा कि यह “नए सपनों और संकल्पों” का क्षण है।
उन्होंने कहा, “हमारे लिए भाजपा कार्यालय किसी देवालय से कम नहीं हैं। ये जमीनी स्तर और जन आकांक्षाओं के साथ पार्टी का मजबूत जुड़ाव हैं। भाजपा सत्ता के लिए नहीं, बल्कि सेवा के लिए सरकार में है।”
मोदी ने उम्मीद जतायी कि दिल्ली भाजपा और राजधानी में पार्टी की सरकार भाजपा को सत्ता में लाने वाले लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के साथ-साथ “विकसित भारत” और “विकसित दिल्ली” के सपने को साकार करने के लिए कंधे से कंधा मिलाकर काम करेगी।

उन्होंने कहा, ”हमें यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयास करने होंगे कि दिल्ली भाजपा के नये कार्यालय की पहचान जनसुनवाई और जनसेवा से हो, न कि यहां की सुविधाओं से। हमें यह ध्यान रखना होगा कि हमारे कार्यकर्ता जरूरतमंद लोगों की आशाओं और अपेक्षाओं को हम तक पहुंचाएं। उनकी आशाओं पर खरा उतरना हमारा सामूहिक प्रयास होना चाहिए।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस कार्यालय में लिये गए निर्णयों से झलकती सहानुभूति और जनसेवा दिल्ली के लोगों को काफÞी लाभ पहुंचाएगी। उन्होंने कहा, ”इस कार्यालय में बैठे हर जनप्रतिनिधि पर दिल्ली के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने की बड़ी जिम्मेदारी है।’’

मोदी ने कहा कि भाजपा सरकार के तहत दिल्ली बदलाव के दौर से गुजÞर रही है। उन्होंने झुग्गी-झोपड़ियों में रहने वालों के लिए आवास, यमुना की सफाई, इलेक्ट्रिक बसों की शुरुआत, स्कूल और अस्पतालों में सुधार जैसे कार्यों का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्रधानमंत्री की सराहना करते हुए कहा कि वह देश की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ वैसा ही व्यवहार करते हैं जैसे अभिभावक अपने बच्चों के साथ करते हैं। उन्होंने अपने ऐतिहासिक फैसलों में एक पिता जैसी ममता और कठोरता दोनों दिखाई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *