रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर शुभकामनाओं की बौछार, सीएम योगी समेत भाजपा नेताओं ने दी बधाई

लखनऊ, 10 जुलाई 2026। देश के रक्षा मंत्री एवं लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर शुक्रवार को शुभकामनाओं का तांता लग गया। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जन्मदिन की हार्दिक बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा की कामना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने संदेश में राजनाथ सिंह को प्रखर वक्ता एवं जनप्रिय राजनेता बताते हुए कहा कि उनका सरल व्यक्तित्व, विनम्र व्यवहार और राष्ट्रहित के प्रति अटूट समर्पण करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री ने प्रभु श्रीराम से उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अपने संदेश में कहा कि रक्षा मंत्री का दृढ़ नेतृत्व, राष्ट्रहित के प्रति समर्पण और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की उनकी दूरदर्शी सोच देश को नई शक्ति और गौरव प्रदान कर रही है। उन्होंने भी प्रभु श्रीराम से उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की प्रार्थना की।

उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने राजनाथ सिंह को उत्तर प्रदेश का गौरव बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उन्हें लोकप्रिय नेता, प्रखर वक्ता और हम सभी के संरक्षक बताते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन प्रदान करें।

सादगी और सर्वस्वीकार्यता की पहचान

उत्तर प्रदेश के रहने वाले राजनाथ सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से की थी। बाद में वह भारतीय जनता पार्टी की युवा इकाई से जुड़े और संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाते हुए राष्ट्रीय राजनीति के शीर्ष नेताओं में शामिल हुए।

राजनाथ सिंह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, केंद्रीय गृह मंत्री और वर्तमान में रक्षा मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उनकी पहचान एक ऐसे नेता के रूप में रही है जो जटिल राजनीतिक मुद्दों पर भी संवाद और सहमति बनाने की क्षमता रखते हैं। सहयोगी दलों के साथ-साथ विपक्ष में भी उनकी कार्यशैली को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है।

वर्तमान में वह लोकसभा में लखनऊ संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री के रूप में देश की सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनके जन्मदिन के अवसर पर राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों की अनेक हस्तियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *