नोएडा मेट्रो लिंक लाइन का बदला अलाइनमेंट, सेक्टर-44 के बाहर से गुजरेगी मेट्रो

नोएडा, 04 जुलाई 2026 (यूएनएस)। नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने बॉटेनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक प्रस्तावित एक्वा लिंक लाइन परियोजना के अलाइनमेंट में बदलाव किया है। सेक्टर-44 के निवासियों की आपत्तियों के बाद मेट्रो लाइन को अब सेक्टर के अंदर की बजाय बाहर से ले जाने का निर्णय लिया गया है। इस बदलाव से परियोजना की लंबाई एक किलोमीटर बढ़कर 12.56 किलोमीटर हो गई है, जबकि अनुमानित लागत में करीब 100 करोड़ रुपये की वृद्धि होने की संभावना है।

एनएमआरसी के अनुसार, परियोजना को चार वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके शुरू होने के बाद लगभग दो लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और ग्रेटर नोएडा तथा जेवर एयरपोर्ट की दिल्ली-एनसीआर से कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

नई लिंक लाइन बॉटेनिकल गार्डन स्टेशन पर दिल्ली मेट्रो की ब्लू और मैजेंटा लाइन से जुड़ेगी। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट आने-जाने वाले यात्रियों को बेहतर इंटरचेंज सुविधा मिलेगी।

संशोधित योजना के तहत मेट्रो लाइन बॉटेनिकल गार्डन स्टेशन से शुरू होकर सेक्टर-44 स्थित एमिटी इंटरनेशनल स्कूल के गेट नंबर-4 के सामने ग्रीन बेल्ट तक पहुंचेगी, जहां पहला स्टेशन बनाया जाएगा। इसके बाद लाइन सेक्टर-44 और नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की 45 मीटर चौड़ी सड़क को पार करते हुए ग्रीन बेल्ट के रास्ते सेक्टर-142 तक जाएगी।

अलाइनमेंट में बदलाव के बाद परियोजना की लागत 2,254.35 करोड़ रुपये से बढ़कर 2,354.35 करोड़ रुपये होने का अनुमान है। एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक कृष्णा करुणेश ने बताया कि एक्वा लाइन विस्तार और लिंक लाइन निर्माण के लिए नौ कंपनियों ने आवेदन किया है। तकनीकी मूल्यांकन पूरा होने के बाद एक महीने के भीतर निर्माण कार्य का ठेका जारी कर दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए लार्सन एंड टुब्रो लिमिटेड, रेल विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल), मिलन रोड बिल्डटेक एलएलपी, जे कुमार इंफ्राप्रोजेक्ट्स लिमिटेड, दिलीप बिल्डकॉन लिमिटेड, एफकॉन्स इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, रणजीत बिल्डकॉन लिमिटेड, सेम इंडिया प्रोजेक्ट्स लिमिटेड और केईसी इंटरनेशनल लिमिटेड ने निविदाएं दाखिल की हैं।

इस कॉरिडोर पर बॉटेनिकल गार्डन, सेक्टर-44, सेक्टर-96 (नोएडा प्रशासनिक भवन), सेक्टर-105, सेक्टर-108, सेक्टर-93, पंचशील बालक इंटर कॉलेज और सेक्टर-142 स्टेशन होंगे। इसके अलावा डिपो से बोड़ाकी तक विस्तार परियोजना के तहत जूनापत और बोड़ाकी नाम से दो नए स्टेशन भी विकसित किए जाएंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *