पहली बार लखनऊ पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री योगी ने किया भव्य स्वागत

 लखनऊ, 04 जुलाई 2026 (यूएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन शनिवार को पहली बार लखनऊ पहुंचे। चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर और भगवा अंगवस्त्र पहनाकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से राष्ट्रीय अध्यक्ष का परिचय भी कराया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर स्वागत संदेश साझा करते हुए लिखा कि “प्रभु श्रीराम एवं लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण के चरणरज से पावन हुई संस्कृति, संस्कार और सृजन की साधना स्थली उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।”

राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक, प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश खन्ना, सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्र देव सिंह, ए.के. शर्मा, धर्मपाल सिंह, नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, संजय निषाद, दारा सिंह चौहान, जेपीएस राठौर, राज्यसभा सांसद दिनेश शर्मा, संजय सेठ, ब्रजलाल, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल सहित प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

नितिन नवीन अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान संगठनात्मक बैठकों में भाग लेंगे और आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी की रणनीति एवं संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा करेंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *