इंदिरानगर में अवैध व्यावसायिक भवनों पर कार्रवाई, 7 इमारतें सील

इंदिरानगर में अवैध व्यावसायिक भवनों पर कार्रवाई, 7 इमारतें सील

लखनऊ, 03 जुलाई 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ के अलीगंज में 22 जून को हुए भीषण अग्निकांड में 15 लोगों की मौत के बाद उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद ने अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार को परिषद के निर्माण खंड लखनऊ-6 ने इंदिरानगर क्षेत्र में अभियान चलाकर सात अवैध व्यावसायिक भवनों को सील कर दिया।

बताया गया कि अलीगंज अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी संबंधित विभागों को अवैध निर्माण और आवासीय भवनों में नियमों के विपरीत संचालित व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इसके 11 दिन बाद परिषद ने कार्रवाई शुरू की।

सील किए गए भवनों में बिना भू-उपयोग परिवर्तन और मानचित्र स्वीकृति के संचालित अस्पताल, होटल, लाइब्रेरी, रेंटल रूम तथा कमर्शियल कॉम्प्लेक्स शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान भवन संख्या 15/86 और 13/136 में संचालित अस्पताल, 13/25 में होटल, लाइब्रेरी व रेंटल रूम, 12/3 और 12/13 में होटल, 13/550 में निर्माणाधीन होटल तथा 12/5 में संचालित कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को सील किया गया।

आवास एवं विकास परिषद के अधिकारियों ने कहा कि आवासीय क्षेत्रों में नियमों के विरुद्ध किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों की पहचान कर आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हालांकि, कार्रवाई में हुई देरी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इस तरह का अभियान पहले चलाया गया होता तो कई अवैध व्यावसायिक गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाई जा सकती थी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *