भाजपा महिला मोर्चा को और मजबूत बनाएंगे, हर कार्यकर्ता परिवार का हिस्सा: सरोज कुशवाहा

लखनऊ, 28 जून 2026 (यूएनएस)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने रविवार को कहा कि भाजपा महिला मोर्चा केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक परिवार है और इस परिवार को संगठित, सशक्त एवं सक्रिय बनाए रखना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगी।

प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व ग्रहण करने के बाद सरोज कुशवाहा ने लखनऊ के पूर्वी विधानसभा क्षेत्र स्थित विवेकानंद पुरी वार्ड के बूथ संख्या 312 पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर पूर्वी विधानसभा के विधायक ओ.पी. श्रीवास्तव तथा मंडल अध्यक्ष रीना चौरसिया सहित महिला मोर्चा की बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने सरोज कुशवाहा का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। स्वागत से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष ने सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की वास्तविक ताकत उसकी समर्पित कार्यकर्ता शक्ति होती है और महिला मोर्चा की प्रत्येक बहन भाजपा परिवार का अभिन्न हिस्सा है।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व और प्रदेश नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश की महिलाओं को संगठन के सूत्र में जोड़ने और उन्हें सशक्त बनाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस दायित्व का निर्वहन वह पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगी। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाना और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

सरोज कुशवाहा ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़ी महिला तक पहुंचाना महिला मोर्चा का प्रमुख लक्ष्य होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में संचालित विभिन्न योजनाओं ने महिलाओं के जीवन में व्यापक परिवर्तन लाया है और अब संगठन की जिम्मेदारी है कि इन योजनाओं की जानकारी हर पात्र महिला तक पहुंचे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे समाज के प्रत्येक वर्ग की महिलाओं से संवाद स्थापित करें, उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ें तथा संगठन की विचारधारा और सेवा कार्यों को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि महिला मोर्चा की एकजुट टीम प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों और महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का संकल्प लिया तथा प्रदेश अध्यक्ष को उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *