वाराणसी से एयर इंडिया की ‘ईजी-कनेक्ट’ सेवा शुरू, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जुड़ना हुआ आसान

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजारापु ने विधिवत पूजन के बाद इस सेवा की शुरुआत की।

वाराणसी, 25 जून 2026 (यूएनएस)। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गुरुवार को एयर इंडिया की ‘ईजी-कनेक्ट’ (Easy Connect) सेवा का शुभारंभ किया गया। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजारापु ने विधिवत पूजन के बाद इस सेवा की शुरुआत की। नई व्यवस्था के तहत वाराणसी, लखनऊ, पटना जैसे टियर-2 और टियर-3 शहरों के यात्रियों को दिल्ली के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों से जुड़ने में बड़ी सुविधा मिलेगी।

यह सेवा केंद्र सरकार के ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल के तहत शुरू की गई है। इसके माध्यम से वाराणसी से दिल्ली पहुंचने वाले यात्री यूरोप, उत्तरी अमेरिका, खाड़ी देशों और दक्षिण-पूर्व एशिया सहित 17 देशों के विभिन्न अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक अधिक सहज और बेहतर कनेक्टिविटी प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू ने कहा कि यह पहल भारत की वैश्विक हवाई संपर्क क्षमता को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप देश को अंतरराष्ट्रीय विमानन हब बनाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में यह सेवा अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि इससे पूर्वांचल के यात्रियों, व्यापारियों, छात्रों और पर्यटकों को विशेष लाभ मिलेगा तथा अंतरराष्ट्रीय यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगी।

एयर इंडिया के स्टेशन मैनेजर आतिफ इदरीश ने बताया कि हब एंड स्पोक मॉडल के माध्यम से क्षेत्रीय शहरों को प्रमुख विमानन केंद्रों से जोड़कर यात्रियों को व्यापक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क, बेहतर कनेक्टिंग समय और अधिक यात्रा विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने कहा कि यह सेवा पूर्वांचल की हवाई कनेक्टिविटी को नई मजबूती प्रदान करेगी और पर्यटन, व्यापार तथा निवेश को बढ़ावा देने में सहायक सिद्ध होगी।

नई व्यवस्था के तहत वाराणसी जैसे ‘स्पोक’ शहरों से यात्रा करने वाले यात्री अपने अंतिम अंतरराष्ट्रीय गंतव्य तक के लिए शुरुआती हवाई अड्डे पर ही चेक-इन कर सकेंगे। उन्हें दिल्ली जैसे ‘हब’ एयरपोर्ट पर अपना सामान लेने या दोबारा चेक-इन करने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे यात्रा प्रक्रिया अधिक सरल और समयबद्ध बनेगी।

इसके अलावा यात्रियों को अपने शुरुआती हवाई अड्डे पर ही अंतरराष्ट्रीय यात्रा से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने की सुविधा मिलेगी, जिससे हब एयरपोर्ट पर लंबी कतारों और अतिरिक्त प्रक्रियाओं से राहत मिलेगी। इस मॉडल के जरिए यात्रियों को एयर इंडिया के वैश्विक नेटवर्क तक सहज पहुंच प्राप्त होगी।

कार्यक्रम में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष बिपिन कुमार, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारी, एयर इंडिया के प्रतिनिधि तथा एयरपोर्ट के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि ‘हब एंड स्पोक’ मॉडल को आने वाले समय में देश के अन्य शहरों में भी चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। इससे भारत का विमानन तंत्र अधिक प्रभावी, एकीकृत और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बन सकेगा।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *