लखनऊ, 23 जून 2026 (यूएनएस)। सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र की विकास यात्रा, जनभागीदारी और जनसेवा आधारित पहलों को समर्पित पुस्तक ‘मैं हूँ सरोजनी नगर’ का मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने कर-कमलों से विमोचन किया। सरोजनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने मुख्यमंत्री से शिष्टाचार भेंट कर पुस्तक की प्रति भेंट की और उन्हें क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा भविष्य की विकास परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरोजनी नगर क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों और जनभागीदारी आधारित पहलों की सराहना की। डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने सुशासन, सुरक्षा, निवेश, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण और जनकल्याण के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच, भ्रष्टाचार और अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति तथा अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता ने प्रदेश को देश की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने का मार्ग प्रशस्त किया है।
डॉ. सिंह ने बताया कि ‘मैं हूँ सरोजनी नगर’ केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही, पारदर्शिता और जनप्रतिनिधि के दायित्वों के निर्वहन का जीवंत दस्तावेज है। इसमें पिछले चार वर्षों से अधिक समय के दौरान सरोजनी नगर में हुए विकास कार्यों, जनसेवा अभियानों, सामाजिक नवाचारों और जनभागीदारी आधारित कार्यक्रमों का विस्तृत विवरण संकलित किया गया है।
उन्होंने कहा कि पुस्तक सरोजनी नगर के लाखों नागरिकों के विश्वास, सहयोग और सामूहिक विकास यात्रा का प्रतिबिंब है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, खेल, पर्यावरण संरक्षण, संस्कृति, रोजगार, निवेश और भविष्य की विकास योजनाओं को विस्तार से स्थान दिया गया है।
मुख्यमंत्री को पुस्तक की विषयवस्तु से अवगत कराते हुए डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनी नगर में संचालित कई अभिनव पहलों की जानकारी भी दी। इनमें नेट जीरो सरोजनी नगर, तारा शक्ति केंद्र, सरोजनी नगर स्पोर्ट्स लीग, रामरथ श्रवण अयोध्या यात्रा तथा आरबीएस डिजिटल इम्पावरमेंट सेंटर जैसी योजनाएं प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि इन पहलों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा विकास, सांस्कृतिक जागरण और डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा दिया जा रहा है।
डॉ. सिंह ने कहा कि पुस्तक में सरोजनी नगर के भविष्य के विकास विजन को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है। इसमें स्टेट कैपिटल रीजन (एससीआर), एरो सिटी, उत्तर प्रदेश की पहली एआई सिटी, अशोक लीलैंड एवं ईवी बस निर्माण परियोजनाएं, चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का विस्तार तथा देश के प्रथम नौसेना शौर्य संग्रहालय जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का उल्लेख किया गया है। उनका कहना था कि ये परियोजनाएं सरोजनी नगर को शिक्षा, नवाचार, उद्योग, निवेश, पर्यटन और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन और प्रेरणा से सरोजनी नगर में विकास कार्यों को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री का नेतृत्व जनप्रतिनिधियों को सेवा, समर्पण और सुशासन के उच्च मानकों पर कार्य करने की प्रेरणा देता है।
डॉ. राजेश्वर सिंह ने ‘मैं हूँ सरोजनी नगर’ पुस्तक का विमोचन करने और सरोजनी नगर की विकास यात्रा को आत्मीयता से सुनने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और सरोजनी नगर परिवार के सहयोग से क्षेत्र विकास, सेवा और जनकल्याण के नए प्रतिमान स्थापित करता रहेगा तथा विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पुस्तक को सरोजनी नगर क्षेत्र की उपलब्धियों, विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं का समग्र दस्तावेज माना जा रहा है, जो क्षेत्र के विकास मॉडल और जनभागीदारी की अवधारणा को व्यापक रूप से प्रस्तुत करती है।
