अखिलेश यादव की बेटी के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट मामले में रीवा से युवक गिरफ्तार

कानपुर, 22 जून 2026 (यूएनएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणियां और सामग्री पोस्ट करने के मामले में कानपुर साइबर पुलिस ने मध्य प्रदेश के रीवा निवासी एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की पहचान कर कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार, सपा अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सोशल मीडिया मंचों पर अदिति यादव के खिलाफ आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां की गई हैं। शिकायत मिलने के बाद साइबर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित सोशल मीडिया खातों की डिजिटल ट्रैकिंग की।

जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर रीवा निवासी नागेश्वर सिंह बघेल की पहचान हुई। इसके बाद कानपुर साइबर पुलिस की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में नामजद अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। जांच में यह भी सामने आया है कि एक आरोपी का सोशल मीडिया खाता अमेरिका से संचालित किया जा रहा था। इस संबंध में आवश्यक तकनीकी और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं।

साइबर पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक, भ्रामक या मानहानिकारक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। मामले की विस्तृत जांच अभी चल रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *