नीट अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर 45 मिनट रुके पीएम मोदी, परीक्षा शुरू होने के बाद रवाना हुए आवास

नीट अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए एयरपोर्ट पर 45 मिनट रुके पीएम मोदी, परीक्षा शुरू होने के बाद रवाना हुए आवास

नई दिल्ली, 21 जून 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नीट-यूजी पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए एक संवेदनशील उदाहरण प्रस्तुत किया। कोलकाता से दिल्ली लौटने के बाद प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर करीब 45 मिनट तक रुके रहे ताकि उनकी आवाजाही के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर करीब 1:15 बजे दिल्ली हवाई अड्डे पहुंचे थे। सामान्यतः वहां से वे सीधे लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास के लिए रवाना होते हैं, लेकिन नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा दोपहर 2 बजे शुरू होने के कारण उन्होंने कुछ समय तक एयरपोर्ट पर ही रुकने का निर्णय लिया। परीक्षा प्रारंभ होने के बाद ही वे अपने आवास के लिए रवाना हुए।

बताया गया कि प्रधानमंत्री नहीं चाहते थे कि उनके काफिले की आवाजाही के चलते किसी छात्र को परीक्षा केंद्र पहुंचने में देरी या परेशानी का सामना करना पड़े। इसी उद्देश्य से उन्होंने अपनी यात्रा में विलंब स्वीकार किया और परीक्षार्थियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।

प्रधानमंत्री मोदी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे से लौट रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ कोलकाता में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य आयोजन में भी हिस्सा लिया था।

उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा रविवार को नीट-यूजी 2026 की पुनर्परीक्षा आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा मेडिकल स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। तीन मई को आयोजित मूल परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई थी। पुनर्परीक्षा देशभर के 5,440 केंद्रों तथा विदेश के 14 केंद्रों पर दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जा रही है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *