लखनऊ,21 जून 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ में गोंडा के एक युवक ने दावा किया है कि वह मुस्लिम से हिंदू बना है। स्वेच्छा से उसने अपना नाम हमजा अली से हेमंत सिंह कर लिया। युवक ने बताया- मैं बचपन से ही महादेव का भक्त हूं, उनकी पूजा करता आ रहा हूं। हमारे पूर्वज हिंदू थे। मुगलों ने यहां आकर कन्वर्ट करा दिया था।
गोमतीनगर स्थित विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यालय में शनिवार को संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने युवक हमजा और एक महिला का शुद्धीकरण कराया। राय ने बताया कि इनके अलावा, दो लव जिहाद की पीड़िताएं आई हैं, उनकी मदद की जाएगी। इन्होंने परिषद की हेल्पलाइन में सहायता मांगी थी। गोंडा से आए युवक ने बताया पहले मैं हमजा अली था। अब मेरा नाम हेमंत सिंह हो गया है।
हमारे जो पूर्वज हिंदू और सनातनी थे, मगर जब मुगल आए तो जबरदस्ती गड्ड-मड्ड करवा दिया। मेरी शुरू से ही हिंदू धर्म में आस्था है। परिवारवाले मानें या ना मानें, मैं मान रहा हूं। पिता का नाम हामिद अली राइनी और माता का नाम उमा अंजुम राइनी है। जब मैं घर वापसी करने आ रहा था तो परिवार वालों ने समझाने की कोशिश की। मैं बालिग हूं, अपने मन से फैसला कर सकता हूं। इसीलिए मैं घर वापसी करने आ गया। पिछले 5-6 सालों से नमाज पढ़ना छोड़ दिया है।
कभी-कभी जुमे की नमाज पढ़ता था। कभी मदरसे नहीं गया और न ही कुरान पढ़ा, न रोजा रखा। चाहता हूं कि मेरे घरवाले भी वापसी करें। बाराबंकी से आई महिला ने बताया मेरा नाम शबनम था। घर वापसी करके संजना बन गई हूं। शबनम ने बताया कि मैं अपना धर्म परिवर्तन कर रही हूं। बिना किसी जोर-दबाव के, स्वेच्छा से इस्लाम को छोड़कर हिंदू धर्म अपना रही हूं। हिंदू धर्म में बचपन से ही आस्था है। मैं पूजा-पाठ करती हूं और हमेशा करती रहूंगी।
मैंने कभी कुरआन नहीं पढ़ी और न ही इस्लाम की चीजों माना। परिषद अध्यक्ष गोपाल राय ने बताया कि संगठन की ओर से सनातन हेल्पलाइन चलाई जा रही है। इसके नंबरों पर भारत के कोने-कोने से लव जिहाद, लैंड जिहाद पीड़िताएं संपर्क कर रही हैं और घर वापसी भी हो रही है। बाराबंकी की शबनम अब संजना बन गई हैं।
वहीं, गोंडा के हमजा अली अब हेमंत सिंह बन गए हैं। पूरे विश्व में जहां भी किसी व्यक्ति का जबरन धर्म परिवर्तन कराया गया है, हम उसकी घर वापसी करवा रहे हैं। हम लोग धर्मांतरण नहीं करवा सकते, यह अधिकार नहीं है इसलिए घर वापसी करवाते हैं। हमने ही धर्मांतरण के मास्टरमाइंड जमालुद्दीन उर्फ झांगुर का खुलासा करवाकर उसे जेल भिजवाया है। गोपाल राय ने बताया कि सनातन हेल्पलाइन नंबर सभी पीड़ितों की मदद कर रहा है। लगातार लोग इस पर संपर्क कर रहे हैं।
पश्चिम बंगाल में बांग्लादेश बॉर्डर पर 28 जून को हम लोग राष्ट्रीय स्तर का सम्मेलन करने जा रहे हैं, जहां सनातन संस्कृति का प्रसार-प्रचार होगा। हमारी मेहनत का नतीजा है कि पश्चिम बंगाल में सनातन विरोधी सरकार चली गई और भाजपा सरकार बनी।
