इजराइल रोजगार योजना के चयनित अभ्यर्थियों का सेवायोजन निदेशालय पर प्रदर्शन, जल्द भेजने की उठाई मांग

लखनऊ, 1 जून 2026 (यूएनएस)। इजराइल रोजगार योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों ने सोमवार को राजधानी लखनऊ स्थित सेवायोजन निदेशालय के बाहर प्रदर्शन कर अपनी नियुक्ति प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। प्रदर्शन में शामिल वर्ष 2024 के 1336 चयनित अभ्यर्थियों ने अधिकारियों से स्पष्ट जानकारी देने और जल्द इजराइल भेजने की मांग की।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि चयन प्रक्रिया पूरी हुए लगभग दो वर्ष होने वाले हैं, लेकिन अब तक उन्हें इजराइल भेजे जाने की दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है। अभ्यर्थियों के अनुसार उन्होंने कई बार संबंधित विभागों और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्या से अवगत कराया, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला।

चयनित अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि उनकी स्थिति को लेकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की जा रही है। लगातार बनी अनिश्चितता के कारण उनके भविष्य और रोजगार को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है। उनका कहना है कि जब 1336 चयनित अभ्यर्थी अभी तक प्रतीक्षा कर रहे हैं, तब नई भर्तियों की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, जिससे उनके मन में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है।

उन्नाव निवासी संतोष कुमार ने बताया कि वर्ष 2024 में इजराइल में कॉन्ट्रैक्ट आधारित रोजगार के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की गई थी। इसके तहत लखनऊ के आईटीआई अलीगंज में सात चरणों में परीक्षाएं हुई थीं। सभी चरणों में सफल अभ्यर्थियों को इजराइल भेजा जाना था, लेकिन परीक्षा पूरी हुए 18 महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि छह महीने पहले अधिकारियों ने 40 घंटे के प्रशिक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी थी और उसके बाद इजराइल भेजने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आज तक यह प्रक्रिया भी पूरी नहीं हो सकी है।

बिजनौर निवासी अंकित ने बताया कि पिछले दो वर्षों से लगातार अगले महीने प्रक्रिया पूरी होने का भरोसा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नौकरी की उम्मीद में वे कोई अन्य रोजगार नहीं कर पाए हैं, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है। परिवार के लोग भी लगातार सवाल कर रहे हैं कि आखिर नियुक्ति कब मिलेगी।

अंकित के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में अब तक करीब 50 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें रोजगार नहीं मिला है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने विभाग से मांग की कि चयन प्रक्रिया की वर्तमान स्थिति, आगे की कार्रवाई और संभावित समयसीमा को सार्वजनिक किया जाए, ताकि उनकी अनिश्चितता समाप्त हो सके।

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने सरकार और संबंधित अधिकारियों से जल्द निर्णय लेकर चयनित उम्मीदवारों को रोजगार उपलब्ध कराने की अपील की।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *