यूपी बीजेपी संगठन में होगा बड़ा फेरबदल! कई नेताओं की जिम्मेदारी बदलने की तैयारी

लखनऊ, 27 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी संगठन में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी प्रदेश संगठन को नए सिरे से तैयार करने की रणनीति पर काम कर रही है। सूत्रों के मुताबिक भाजपा संगठन में करीब 50 प्रतिशत तक बदलाव किए जा सकते हैं।

पार्टी के भीतर पिछले कई महीनों से संगठनात्मक फेरबदल को लेकर चर्चाएं चल रही थीं। अब संकेत मिल रहे हैं कि योगी सरकार के संभावित मंत्रिमंडल विस्तार के बाद संगठन में व्यापक बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। भाजपा का फोकस बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और नए चेहरों को आगे लाने पर है।

2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को नए सिरे से मजबूत करने में जुटी भाजपा

जानकारी के अनुसार भाजपा के सातों मोर्चों को नए अध्यक्ष मिल सकते हैं। इसके अलावा क्षेत्रीय इकाइयों के अध्यक्षों को भी बदले जाने की संभावना जताई जा रही है। राज्य कार्यकारिणी में भी बड़े स्तर पर फेरबदल हो सकता है। लंबे समय से एक ही पद पर कार्य कर रहे नेताओं की जिम्मेदारियों में बदलाव तय माना जा रहा है।

सूत्रों का कहना है कि संगठन में युवाओं को अधिक अवसर देने की रणनीति बनाई जा रही है। पार्टी नेतृत्व चाहता है कि आगामी चुनाव में नई ऊर्जा और नए सामाजिक समीकरणों के साथ मैदान में उतरा जाए। दोहरी जिम्मेदारी संभाल रहे कई पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।

भाजपा संगठन में प्रस्तावित बदलावों को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के बीच गहन मंथन हुआ है। बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्रीय नेतृत्व को अपनी रिपोर्ट भी सौंप दी है।

सूत्रों के अनुसार जिन नए क्षेत्रीय अध्यक्षों की नियुक्ति होगी, उन्हें अपनी टीम तैयार करने की स्वतंत्रता दी जाएगी। भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के पीडीए फॉर्मूले का मुकाबला करने के लिए सामाजिक और संगठनात्मक स्तर पर नई रणनीति बनाने में जुटी है।

पार्टी नेतृत्व का मानना है कि संगठन में ताजगी और सक्रियता लाकर चुनावी तैयारियों को और मजबूत किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से पिछले कई महीनों से बदलावों की रूपरेखा तैयार की जा रही थी। अब माना जा रहा है कि 2027 मिशन को ध्यान में रखते हुए भाजपा जल्द ही संगठनात्मक बदलावों का बड़ा ऐलान कर सकती है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *