अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने पत्नी संग किया ताजमहल का दीदार, डायना बेंच पर खिंचवाई तस्वीरें

आगरा, 25 मई 2026 (यूएनएस)। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने अपने भारत दौरे के तीसरे दिन सोमवार को पत्नी जेनेट डी. रूबियो के साथ विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार किया। उनके साथ अमेरिका के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार रॉबर्ट गैब्रियल और भारत स्थित अमेरिकी दूतावास के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे।

ताजमहल परिसर में मार्को रूबियो और उनकी पत्नी ने प्रसिद्ध डायना बेंच पर तस्वीरें खिंचवाईं। अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने ताजमहल के सामने खिंचवाई गई तीन तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। तस्वीरों में रूबियो दंपति और रॉबर्ट गैब्रियल भी नजर आए।

सर्जियो गोर ने तस्वीरों के साथ लिखा कि “मार्को रूबियो, जेनेट डी. रूबियो और रॉबर्ट गैब्रियल के साथ आइकॉनिक ताजमहल पर वापस आकर शानदार अनुभूति हुई।” उन्होंने ताजमहल को भारत की असाधारण विरासत और कारीगरी का अद्भुत प्रतीक बताते हुए कहा कि इसकी खूबसूरती हर बार मंत्रमुग्ध कर देती है।

मार्को रूबियो चार दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत आए हैं। उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत कोलकाता से की थी, जिसके बाद वह दिल्ली पहुंचे। दिल्ली में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से व्हाइट हाउस आने का निमंत्रण दिया।

रविवार को उनकी भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी हुई, जिसमें व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और रणनीतिक सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।

आगरा दौरे के बाद मार्को रूबियो राजस्थान रवाना हो गए, जहां उन्होंने पत्नी के साथ आमेर महल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्हें राजस्थान की संस्कृति और विरासत से परिचित कराया गया। उनके दौरे को देखते हुए आमेर महल को दोपहर एक बजे से शाम पांच बजे तक आम पर्यटकों के लिए बंद रखा गया।

रूबियो सोमवार दोपहर विशेष विमान से जयपुर पहुंचे। वहां पूरा दिन बिताने के बाद वह मंगलवार सुबह दिल्ली लौटेंगे, जहां वह क्वाड देशों की बैठक में शामिल होंगे। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत और अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करना बताया जा रहा है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *