दिल्ली जल बोर्ड अधिकारी बनकर साइबर ठगी, खाते और क्रेडिट कार्ड से उड़ाए 3.39 लाख रुपये

नोएडा, 24 मई 2026 (यूएनएस)। साइबर ठगों ने दिल्ली जल बोर्ड का अधिकारी बनकर एक व्यक्ति को झांसे में लिया और मोबाइल फोन हैक कर उसके बैंक खाते व क्रेडिट कार्ड से 3.39 लाख रुपये उड़ा लिए। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-126 थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में दिल्ली के त्रिलोकपुरी निवासी वीरेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि वह सेक्टर-128 स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि इस महीने की दो तारीख को उनके मोबाइल पर एक संदेश आया, जिसमें खुद को दिल्ली जल बोर्ड का कर्मचारी बताते हुए पानी के बिल की मीटर रीडिंग अपडेट कराने की बात कही गई थी। संदेश में एक मोबाइल नंबर पर संपर्क करने के लिए कहा गया।

वीरेंद्र सिंह ने जब दिए गए नंबर पर कॉल किया तो सामने वाले व्यक्ति ने खुद को दिल्ली जल बोर्ड का कर्मचारी बताया और मोबाइल में एक ऐप डाउनलोड करने को कहा। ऐप डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल फोन हैक हो गया। इसके बाद उनके बैंक खाते और क्रेडिट कार्ड से लगातार ट्रांजैक्शन होने लगे।

पीड़ित के अनुसार, बचत खाते से करीब 65 हजार रुपये निकाल लिए गए, जबकि क्रेडिट कार्ड के जरिए लगभग 2 लाख 74 हजार रुपये की ऑनलाइन खरीदारी की गई। इसके अलावा कई अन्य असफल ट्रांजैक्शन के संदेश भी उन्हें प्राप्त हुए।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तुरंत बैंक से संपर्क कर अपना खाता और क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया। साथ ही राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर सेक्टर-126 थाना पुलिस ने आईटी एक्ट और धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी सरकारी विभागों के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को रिमोट एक्सेस ऐप डाउनलोड कराने के लिए फंसा रहे हैं, जिससे वे मोबाइल और बैंकिंग जानकारी तक पहुंच बना लेते हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में कोई ऐप डाउनलोड न करें और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *