लंदन में सोनम कपूर की आलीशान हवेली पर विवाद, पड़ोसियों ने जताई नाराजगी

लंदन। बॉलीवुड अभिनेत्री सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी फिल्म या फैशन नहीं बल्कि लंदन स्थित उनकी आलीशान प्रॉपर्टी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लंदन के पॉश इलाके Notting Hill में खरीदी गई उनकी हवेली को लेकर स्थानीय पड़ोसियों और दंपति से जुड़ी कंपनी के बीच विवाद गहराता जा रहा है। पड़ोसियों ने इलाके के माहौल और प्रॉपर्टी वैल्यू पर असर पड़ने की आशंका जताई है।

रिपोर्ट के अनुसार, सोनम कपूर और आनंद आहूजा से जुड़ी कंपनी ने उनकी हवेली के पास स्थित एक दूसरी बिल्डिंग में करीब 51 करोड़ रुपये मूल्य के पांच फ्लैट खरीदे हैं। दावा किया जा रहा है कि इन फ्लैट्स का इस्तेमाल हवेली में काम करने वाले स्टाफ और कर्मचारियों के रहने के लिए किया जा सकता है। इसी बात को लेकर इलाके के कई स्थानीय निवासी नाराज हैं। उनका कहना है कि इससे नॉटिंग हिल जैसे हाई-प्रोफाइल रिहायशी इलाके का माहौल बदल सकता है।

रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि जब पड़ोसियों ने इस योजना का विरोध किया, तो कंपनी के प्रवक्ता की ओर से कथित तौर पर कहा गया कि यदि विरोध जारी रहा तो इन फ्लैट्स को “सोशल हाउसिंग” में बदला जा सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे इलाके की प्रॉपर्टी की कीमतों पर असर पड़ सकता है।

हालांकि, सोनम कपूर की टीम ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उनके प्रतिनिधियों का कहना है कि ये फ्लैट केवल निवेश के उद्देश्य से खरीदे गए हैं और इसमें सोनम कपूर की कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं है।

गौरतलब है कि सोनम कपूर और आनंद आहूजा ने वर्ष 2023 में नॉटिंग हिल में लगभग 21 मिलियन पाउंड यानी करीब 270 करोड़ रुपये में एक पुरानी और जर्जर हवेली खरीदी थी। करीब 200 साल पुरानी इस प्रॉपर्टी को खरीदने के बाद दोनों ने इसके बड़े स्तर पर पुनर्निर्माण की योजना पेश की थी। प्रस्ताव के अनुसार, हवेली का बाहरी ढांचा बरकरार रखते हुए अंदर का पूरा हिस्सा आधुनिक सुविधाओं के साथ विकसित किया जाना था। योजना में बेसमेंट स्विमिंग पूल और बास्केटबॉल कोर्ट जैसी सुविधाएं भी शामिल थीं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि उन्होंने इस इलाके में एक शांत और व्यवस्थित कम्युनिटी बनाई थी, लेकिन अब हालात बदलते नजर आ रहे हैं। एक पड़ोसी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें अपनी बात रखने से डराया जा रहा है और ऐसा लग रहा है कि कुछ अरबपति इस इलाके को अपनी निजी जागीर बनाना चाहते हैं।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *