डेटिंग ऐप के जरिए ब्लैकमेलिंग का खेल, आगरा में दो गैंग का भंडाफोड़

आगरा, 23 मई 2026 (यूएनएस)। आगरा पुलिस ने डेटिंग और सोशल ऐप के जरिए लोगों को फंसाकर ब्लैकमेल करने वाले दो अलग-अलग गैंग का पर्दाफाश किया है। आगरा पुलिस की ताजगंज और एकता थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन और एक कार भी बरामद की गई है।

अश्लील वीडियो बनाकर करते थे वसूली, पुलिस ने आठ आरोपियों को दबोचा

एडिशनल डीसीपी हिमांशु गौरव ने बताया कि यह गैंग डेटिंग और सोशल ऐप के जरिए लोगों से दोस्ती करता था। बातचीत बढ़ाने के बाद आरोपियों द्वारा पीड़ितों को होटल या सुनसान जगह पर मिलने के लिए बुलाया जाता था। वहां पहुंचते ही उन्हें बंधक बनाकर मारपीट की जाती थी और उनके अश्लील वीडियो बना लिए जाते थे।

पुलिस के मुताबिक आरोपी वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देकर ऑनलाइन पैसे वसूलते थे। एक मामले में पीड़ित से 14 हजार रुपये और दूसरे में करीब 4900 रुपये क्यूआर कोड के जरिए ट्रांसफर कराए गए।

ताजगंज थाने में 21 मई को शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की। मुखबिर की सूचना पर होटल के पास दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को फंसाने और ब्लैकमेलिंग की वारदात कबूल की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोमेश्वर, तरुण निवासी मुरली नगर ताजगंज, साकिब निवासी मलको गली ताजगंज और शकील निवासी जींद, हरियाणा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इनका आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।

वहीं, एकता थाना पुलिस ने भी इसी तरह का एक गैंग पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक यह गिरोह Grindr ऐप के जरिए लोगों से संपर्क करता था। 20 मई को आरोपियों ने एक व्यक्ति को मिलने बुलाकर सुनसान स्थान पर ले जाकर मारपीट की, अश्लील वीडियो बनाए और धमकाकर एक लाख रुपये वसूल लिए। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये और मांगने लगे।

शिकायत मिलने पर पुलिस ने सूरज ठाकुर, सौरभ यादव, नमन यादव और अभिषेक यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन गैंगों ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *