केजीएमयू की दरियावाली मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने की मांग, विहिप ने कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन

लखनऊ, 23 मई 2026 (यूएनएस)। विहिप  के अवध प्रांत के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को राजधानी लखनऊ में केजीएमयू परिसर में कथित अतिक्रमण के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर नारेबाजी की और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

मजारों पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

विहिप कार्यकर्ताओं का आरोप है कि केजीएमयू के गेट नंबर 24 के सामने स्थित दरियावाली मस्जिद के पास पार्क की जमीन पर कथित रूप से अतिक्रमण कर दीवार खड़ी कर दी गई है और उसे मस्जिद के हिस्से के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। संगठन ने इसे अवैध कब्जा बताते हुए हटाने की मांग की है।

गले में भगवा गमछा डाले बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट परिसर के मुख्य द्वार पर बैठ गए और काफी देर तक विरोध प्रदर्शन करते रहे। स्थिति को देखते हुए परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। बाद में जिलाधिकारी के माध्यम से संबंधित विभागों को ज्ञापन सौंपा गया।

विहिप नेता समरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि केजीएमयू प्रशासन पहले ही परिसर के अंदर बने कुछ ढांचों और बाजार को अवैध घोषित कर चुका है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि परिसर में बनी कुछ मजारें भी अवैध हैं और उन पर बुलडोजर कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि संगठन पहले भी इस मुद्दे को लेकर ज्ञापन दे चुका है, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। विहिप नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन कार्रवाई नहीं करता है तो संगठन प्रदेशभर में आंदोलन करेगा।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि धर्म के नाम पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सार्वजनिक संस्थानों की जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराया जाना चाहिए।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *