दलित बेटी को न्याय मिले, सौ मुकदमे भी मंजूर : अजय राय

लखनऊ, 23 मई 2026 (यूएनएस)। अजय राय ने उनके खिलाफ महोबा कोतवाली में दर्ज एफआईआर को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि दलित बेटी को न्याय दिलाने के लिए वह “सौ मुकदमे” झेलने और जेल जाने को भी तैयार हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय, पार्टी के पूर्व सचिव बृजराज अहिरवार तथा 25 से 30 अज्ञात समर्थकों के खिलाफ महोबा कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार अजय राय पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने और बिना अनुमति कार्यक्रम आयोजित कर रास्ता जाम करने का आरोप है।

एफआईआर दर्ज होने के बाद अजय राय ने कहा कि वह महोबा एक दलित बच्ची को न्याय दिलाने के लिए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्ची के साथ 16 दिनों तक दुष्कर्म किया गया, उसे नशे के इंजेक्शन लगाए गए और उसके गुप्तांगों को सिगरेट से जलाया गया।

अजय राय ने कहा, “आज मैंने उस बच्ची की आवाज उठाई तो भाजपा को नागवार गुजर गया। एआई वीडियो के माध्यम से मुझ पर मुकदमा लगाया जा रहा है और मुझे प्रताड़ित किया जा रहा है।”

उन्होंने कहा, “मैं सरकार से कहना चाहता हूं कि एक नहीं, 100 मुकदमे लगा दो, लेकिन उस दलित बच्ची को न्याय दीजिए। मैं जेल जाने को तैयार हूं, सौ मुकदमे झेलने को तैयार हूं। भाजपा के नेता उस बच्ची के घर गए क्या?”

पुलिस के मुताबिक अधिवक्ता नीरज रावत की शिकायत पर शनिवार तड़के मामला दर्ज किया गया। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 352, 196(1), 189(2) और 132 के तहत आरोप लगाए गए हैं।

शिकायत में कहा गया है कि शुक्रवार को बृजराज अहिरवार ने समद नगर में बिना प्रशासनिक अनुमति कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें अजय राय 15-16 वाहनों के काफिले और समर्थकों के साथ पहुंचे। आरोप है कि वाहनों को अव्यवस्थित ढंग से खड़ा करने से रास्ता बाधित हुआ और प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुए।

एफआईआर में यह भी आरोप लगाया गया है कि कार्यक्रम के दौरान अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अभद्र टिप्पणी की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। मामले के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई नेताओं ने अजय राय के बयान की आलोचना की है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *