पहले अपने आकाओं से पूछो… सोशल मीडिया जंग में उतरे भज्जी, ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब

चंडीगढ़, 22 मई 2026 (यूएनएस)। आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व भारतीय क्रिकेटर और राज्यसभा सांसद  हरभजन सिंह इन दिनों सोशल मीडिया पर जबरदस्त राजनीतिक घमासान के केंद्र में हैं। भाजपा जॉइन करने के महज तीन सप्ताह बाद ही हरभजन सिंह को सोशल मीडिया पर तीखी आलोचनाओं और ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है।

पूरा विवाद उस वक्त शुरू हुआ जब हरभजन सिंह ने पंजाब की कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य के डीजीपी पर सवाल उठाते हुए एक पोस्ट साझा किया। इसके बाद आम आदमी पार्टी समर्थकों और राजनीतिक ट्रोलर्स ने उनकी एक्स टाइमलाइन पर हमला बोल दिया। यूजर्स ने उन्हें छम्म्ज् विवाद, महंगाई, पंजाब के लंबित आरडीएफ फंड और राज्यसभा सदस्य रहते हुए पंजाब के मुद्दों पर चुप रहने जैसे आरोपों को लेकर घेरना शुरू कर दिया।

ट्रोलिंग इतनी तेज हो गई कि भज्जी को अपनी कई पोस्ट्स पर रिप्लाई बंद करने पड़े। उन्होंने कमेंट सेक्शन को सीमित करते हुए केवल चुनिंदा फॉलोअर्स को ही प्रतिक्रिया देने की अनुमति दी। हालांकि इसके बावजूद हरभजन सिंह कई ट्रोलर्स को सीधे जवाब देते नजर आए।

एक यूजर ने उन्हें तंज कसते हुए लिखा, “पहले अपने बीजेपी के आकाओं से पंजाब के आरडीएफ फंड के बारे में पूछो।” इस पर हरभजन सिंह ने तीखे अंदाज में जवाब दिया, “मैं उनसे पंजाब के लिए यह सवाल जरूर पूछूंगा, क्योंकि यह मेरा फर्ज है। लेकिन अपने नेता से कहो कि वह पंजाब के मंत्रियों का इस्तेमाल अपने नेता के लिए पैसा कमाने के लिए करना बंद करें और पंजाबियों को झूठे वादों से बेवकूफ बनाना बंद करें।”

एक अन्य यूजर ने उन पर आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी में रहते हुए उन्होंने राज्यसभा सदस्य के तौर पर सिर्फ सुविधाओं का लाभ उठाया, लेकिन पंजाब के मुद्दों पर कभी आवाज नहीं उठाई। इस आरोप पर भज्जी ने जवाब दिया, “अपने तथ्यों की जांच करो। देखो मैंने राज्यसभा में पंजाब के लिए कितने मुद्दे उठाए हैं। यह रिकॉर्ड में है। भगवान ने मुझे क्रिकेट खेलकर इतना कुछ दिया है कि मैं इन सुविधाओं का मालिक बन सकता हूं।”

उन्होंने आगे लिखा, “अगर कोई मुद्दा उठाता है, तो सवाल क्यों? और अगर नहीं उठाता, तो आप कहते हैं कि चुप क्यों हैं? कमाल है।”

गौरतलब है कि भाजपा में शामिल होने के बाद हरभजन सिंह पहले भी विरोध का सामना कर चुके हैं। कुछ सप्ताह पहले आम आदमी पार्टी के समर्थकों ने चंडीगढ़ स्थित उनके आवास के बाहर ‘गद्दार’ लिखकर विरोध जताया था। इसके बावजूद भज्जी लगातार सोशल मीडिया पर सक्रिय बने हुए हैं और आलोचकों को जवाब देने से पीछे नहीं हट रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *