बाराबंकी, 21 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इसी बीच समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद सिंह गोप ने गठबंधन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि गठबंधन पर अंतिम फैसला केवल सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ही लेंगे।
बाराबंकी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए अरविंद गोप ने कहा कि अखिलेश यादव किसी दबाव में निर्णय लेने वाले नेता नहीं हैं। उन्होंने कहा, “अखिलेश जी और राहुल जी ही बोलेंगे, सब लोग बोलेंगे तो ठीक बात नहीं होगी।”
सपा नेता ने कहा कि पार्टी में शीर्ष नेतृत्व का निर्णय ही अंतिम होता है और सभी नेताओं को अनुशासन में रहकर बयान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव कोई फैसला लेते हैं तो उनकी हैसियत नहीं कि उसके खिलाफ कुछ बोल सकें।
बोले- 2027 में कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी सपा
गोप ने दोहराया कि अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि समाजवादी पार्टी ने कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और 2027 का चुनाव भी साथ मिलकर लड़ेगी।
अपने राजनीतिक जीवन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह जो कुछ भी हैं, वह नेताजी मुलायम सिंह यादव की देन और अखिलेश यादव के आशीर्वाद की वजह से हैं।
दरअसल, यह बयान ऐसे समय आया है जब कांग्रेस नेताओं के बसपा सुप्रीमो मायावती से मुलाकात के प्रयास को लेकर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार को कांग्रेस के कुछ नेता मायावती से मिलने उनके आवास पहुंचे थे, लेकिन बसपा प्रमुख ने मुलाकात से इनकार कर दिया।
इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश में विपक्षी गठबंधन और संभावित राजनीतिक समीकरणों को लेकर अटकलों का दौर तेज हो गया है।
