आर्थिक संकट और इटली दौरे को लेकर राहुल गांधी का मोदी सरकार पर हमला, भाजपा ने बताया ‘नौटंकी वाला बयान’

अमेठी, 20 मई 2026 (यूएनएस)। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इटली दौरे और वहां इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी द्वारा दिए गए ‘मेलोडी’ टॉफी गिफ्ट को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने देश में संभावित आर्थिक संकट का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री पर “रील और नौटंकी की राजनीति” करने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “आर्थिक तूफान सिर पर है और हमारे प्रधानमंत्री इटली में टॉफी बांट रहे हैं। किसान, युवा, महिलाएं, मजदूर और छोटे व्यापारी परेशान हैं, लेकिन प्रधानमंत्री हंसकर रील बना रहे हैं और भाजपा वाले ताली बजा रहे हैं। यह नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।”

दरअसल, इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ एक 12 सेकंड का वीडियो साझा किया था। वीडियो में मेलोनी कहती नजर आती हैं कि प्रधानमंत्री मोदी उनके लिए “बहुत स्वादिष्ट टॉफियां” लेकर आए हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ‘मेलोडी’ नाम की टॉफी का पैकेट कैमरे की ओर दिखाते हैं और दोनों नेता मुस्कुराते दिखाई देते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ।

राहुल गांधी ने अपने बयान में केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि देश गंभीर आर्थिक चुनौतियों की ओर बढ़ रहा है और आने वाले समय में महंगाई और बढ़ सकती है। राहुल गांधी ने कहा कि पेट्रोल, डीजल, गैस, दाल और चावल जैसी जरूरी वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी होगी और आम जनता पर इसका सीधा असर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों का बोझ किसानों, युवाओं और छोटे व्यापारियों को उठाना पड़ेगा।

कांग्रेस सांसद ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री जनता को सोना न खरीदने और विदेश यात्राओं से बचने की सलाह देते हैं, जबकि खुद लगातार विदेश दौरों पर रहते हैं। उन्होंने संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं की रक्षा का मुद्दा उठाते हुए भाजपा और आरएसएस पर संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी के बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि राहुल गांधी का बयान दुर्भाग्यपूर्ण और उनकी “अराजकतावादी मानसिकता” को दर्शाने वाला है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण राहुल गांधी निराशा में ऐसे बयान दे रहे हैं। नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा बढ़ी है और आतंकवाद तथा नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई हुई है।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विदेश यात्राओं के जरिए भारत को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणियां देश का अपमान हैं और उनकी राजनीतिक निराशा को दर्शाती हैं।

इस बीच प्रधानमंत्री मोदी ने इटली में प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ मुलाकात और रात्रिभोज में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-इटली संबंधों को और मजबूत करने तथा आर्थिक सहयोग बढ़ाने को लेकर दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण चर्चा होगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *