लखनऊ, 17 मई 2026। योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं संतोषजनक निस्तारण के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर व्यक्ति की समस्या का समाधान सरकार की प्रतिबद्धता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिना किसी भेदभाव के सभी को न्याय मिले और पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अफसरों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब डेढ़ सौ लोगों से मुलाकात की। उन्होंने सभी प्रार्थना पत्र संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए और लोगों को भरोसा दिलाया कि हर समस्या का प्रभावी समाधान कराया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान एक महिला ने आर्थिक तंगी का हवाला देते हुए अपनी बेटी के विवाह में सहायता की मांग की। इस पर मुख्यमंत्री ने उसे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के तहत प्रति जोड़े एक लाख रुपये की सहायता दी जाती है। महिला के अनुरोध पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए।
गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंदों के इलाज का इस्टीमेट शीघ्र तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
राजस्व और कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने विशेष सख्ती दिखाते हुए कहा कि भू-माफियाओं और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए और लोगों को त्वरित न्याय मिले।
जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर परिसर स्थित गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोवंश को गुड़ खिलाकर गोसेवा की। उन्होंने गोशाला कर्मचारियों को गर्मी के मौसम को देखते हुए गोवंश की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने महायोगी गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया तथा अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर आशीर्वाद लिया।
