ईंधन बचत का संदेश देने बाइक से सचिवालय पहुंचे दानिश आजाद अंसारी

लखनऊ, 15 मई 2026। उत्तर प्रदेश सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने शुक्रवार को ईंधन बचत और ऊर्जा संरक्षण का संदेश देते हुए अपने सरकारी आवास से सचिवालय तक का सफर मोटरसाइकिल से तय किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ऊर्जा संरक्षण और पेट्रोलियम उत्पादों की खपत कम करने के लिए किए गए आह्वान के क्रम में प्रदेश सरकार लगातार सक्रिय भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी प्रदेश के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को तेल तथा अन्य संसाधनों का यथासंभव कम उपयोग करने और उनके सदुपयोग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।

इसी क्रम में दानिश आजाद अंसारी ने यह पहल करते हुए आम लोगों को ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का यह आह्वान केवल अपील नहीं, बल्कि देशहित में उठाया गया एक आवश्यक कदम है।

राज्यमंत्री ने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने स्तर पर थोड़ी-थोड़ी बचत का संकल्प ले, तो इसका सकारात्मक प्रभाव देश की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण दोनों पर पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस दिशा में लगातार प्रयास कर रही है और आने वाले समय में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे।

दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी केवल नीतियां बनाना नहीं, बल्कि स्वयं उदाहरण प्रस्तुत कर समाज को सकारात्मक दिशा देना भी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *