गोरखपुर, 15 मई 2026। ‘अस्मिता नेशनल महिला रोइंग लीग’ में मेजबान गोरखपुर क्वींस की खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो वर्गों के फाइनल में जगह बना ली है। महिला लाइटवेट पेयर्स वर्ग में संजू कुमारी और अनुष्का पटेल की जोड़ी ने दमदार खेल दिखाते हुए खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया, जबकि महिला लाइटवेट डबल स्कल वर्ग में सुलेखा मुमू और नीलू कुमारी ने भी फाइनल का टिकट हासिल किया।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के भारतीय खेल प्राधिकरण के सहयोग से रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में उत्तर प्रदेश रोइंग एसोसिएशन द्वारा गोरखपुर के रामगढ़ताल में प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता को उत्तर प्रदेश खेल विभाग का बुनियादी और प्रशासनिक सहयोग भी प्राप्त है। शुक्रवार को प्रतियोगिता में सेमीफाइनल और रेपचेज दौर के मुकाबले खेले गए।
रोइंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से नामित मुख्य निर्णायक तेजस शिंदे की अगुवाई में जेगन एस, अजहर हुसैन, अरुण, बीएस रावत, सोनू और जागृति गुप्ता प्रतियोगिता के संचालन में योगदान दे रहे हैं। महासचिव शुभाशीष मुखर्जी ने बताया कि फाइनल मुकाबलों की शुरुआत 16 मई को सुबह साढ़े आठ बजे से होगी।

महिला लाइटवेट पेयर्स वर्ग के पहले सेमीफाइनल में गोरखपुर की संजू कुमारी और अनुष्का पटेल की जोड़ी ने 4 मिनट 5.7 सेकेंड का समय निकालते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया और फाइनल में जगह बनाई। इस मुकाबले में कोचीन क्वींस की वैज्ञा प्रकाश और मीनाक्षी वीएस की जोड़ी 4 मिनट 3.8 सेकेंड के समय के साथ पहले स्थान पर रही। दूसरे सेमीफाइनल में कटक रोइंग क्लब पहले और अंडमान अचीवर्स दूसरे स्थान पर रहे।
वहीं महिला लाइटवेट डबल स्कल के रेपचेज दौर में सुलेखा मुमू और नीलू कुमारी ने 3 मिनट 56.8 सेकेंड का समय निकालते हुए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
महिला डबल स्कल वर्ग के पहले सेमीफाइनल में चेन्नई ओरफोर्स की डी मधुमिता और आर भगवती की जोड़ी तथा कोचीन क्वींस की अंजली मैरी जॉर्ज और सुखमनप्रीत कौर की जोड़ी ने शीर्ष दो स्थान हासिल कर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरे सेमीफाइनल में कटक रोइंग क्लब पहले और भोपाल की टीम दूसरे स्थान पर रही।
अन्य मुकाबलों में महिला पेयर्स वर्ग में चेन्नई ओरफोर्स, कटक रोइंग क्लब, हैदराबाद क्वींस और कोचीन क्वींस ने फाइनल में जगह बनाई। जूनियर सिंगल स्कल वर्ग में बंगाल, भोपाल, कटक रोइंग क्लब और जींद सिटी हरियाणा की टीमें फाइनल में पहुंचीं।
महिला लाइटवेट डबल स्कल वर्ग में गोरखपुर क्वींस, हैदराबाद क्वींस, कटक रोइंग क्लब और डेक्कन क्वींस फाइनल में पहुंचीं। जूनियर क्वाड्रुपल स्कल में कोचीन क्वींस, भोपाल, बंगाल और कटक रोइंग क्लब ने फाइनल में जगह बनाई।
सब जूनियर कॉक्सलेस फोर्स वर्ग में जींद सिटी हरियाणा, बंगाल, डेक्कन क्वींस और हैदराबाद क्वींस, जबकि सब जूनियर डबल स्कल वर्ग में स्टील ओर्स, जींद सिटी हरियाणा, डेक्कन क्वींस और हैदराबाद क्वींस फाइनल में पहुंचीं। सब जूनियर सिंगल स्कल वर्ग में चंडीगढ़ रोइंग, स्टील ओर्स, कोचीन क्वींस और हैदराबाद क्वींस की टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।
