अगले 24 घंटे यूपी पर भारी, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि को लेकर मौसम विभाग का अलर्ट

लखनऊ, 12 मई 2026 (यूएनएस)। उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाओं और बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, गरज-चमक, वज्रपात और ओलावृष्टि को लेकर बड़ी चेतावनी जारी की है।

70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं, कई जिलों में वज्रपात की चेतावनी

मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ केंद्र के अनुसार 12 मई को पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर झोंकों की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने का अनुमान है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इन जिलों में ओलावृष्टि और तेज आंधी का खतरा

मौसम विभाग ने श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं में ओलावृष्टि की आशंका जताई है।

इसके अलावा सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद, नोएडा, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा और औरैया समेत कई जिलों में तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है।

13 मई को पूर्वी यूपी में असर ज्यादा

मौसम विभाग के अनुसार 13 मई को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रह सकता है, लेकिन पूर्वी यूपी के देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

मुरादाबाद मंडल में दिन में छाया अंधेरा

मुरादाबाद, बिजनौर, रामपुर, अमरोहा और संभल में मंगलवार सुबह घने काले बादल छा गए, जिससे दिन में ही अंधेरा जैसा माहौल बन गया। तेज हवाओं और बारिश के कारण कई जगहों पर यातायात प्रभावित हुआ और दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों में रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और बिजली उपकरणों को अनप्लग रखने की सलाह दी है। विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज हवाओं और वज्रपात से बिजली व्यवस्था, यातायात और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंच सकता है।

किसानों के लिए भी अलर्ट

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। गन्ना, मक्का, उड़द, मूंग, मूंगफली और सब्जियों की फसलों को तेज हवाओं और ओलावृष्टि से नुकसान की आशंका जताई गई है। किसानों को खेतों में जल निकासी की व्यवस्था करने और फसलों को सहारा देने की सलाह दी गई है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *