भाभी कहने पर महिला ने थप्पड़ जड़ा, आईटीआई छात्र ने यमुना में कूदकर दी जान

उरई/जालौन, 10 मई। उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक 20 वर्षीय आईटीआई छात्र ने कथित मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली। छात्र दो दिन से लापता था। रविवार सुबह उसका शव घर से करीब 40 किलोमीटर दूर नदी में उतराता मिला। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान लोकेंद्र अहिरवार के रूप में हुई है, जो कदौरा थाना क्षेत्र का रहने वाला था। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें उसने पड़ोस में रहने वाली एक महिला और पुलिस कार्रवाई को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया।

वीडियो में लोकेंद्र ने कहा कि उसने महिला को “भाभी” कहकर संबोधित किया था, जिसके बाद महिला ने उसके खिलाफ छेड़खानी की शिकायत दर्ज करा दी। उसने कहा कि झूठे मुकदमे और पुलिस कार्रवाई से वह बेहद आहत था। छात्र ने वीडियो में जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की।

परिजनों के मुताबिक दो दिन पहले पड़ोस में रहने वाली महिला से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद महिला ने लोकेंद्र पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए उसका चालान कर दिया था। बाद में परिवार ने तहसील कोर्ट से उसकी जमानत कराई, लेकिन वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।

लोकेंद्र के पिता मुकुंदी लाल ने आरोप लगाया कि पुलिस ने निष्पक्ष जांच किए बिना एकतरफा कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि गुरुवार रात करीब 10 बजे लोकेंद्र बिना किसी को बताए घर से निकल गया और बाद में कालपी पहुंचा। वहां से उसने वीडियो जारी कर आत्महत्या की बात कही।

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने छात्र की तलाश शुरू की और तीन टीमें गठित की गईं। शनिवार रात अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी ने कदौरा थाने पहुंचकर मामले की समीक्षा की और तलाश तेज करने के निर्देश दिए।

रविवार सुबह कालपी क्षेत्र में यमुना नदी के पुल के पास एक युवक का शव उतराता मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। बाद में परिजनों ने उसकी पहचान लोकेंद्र के रूप में की।

अपने वीडियो संदेश में लोकेंद्र ने कहा कि उस पर कोई कर्ज नहीं था और वह किसी प्रेम प्रसंग के कारण यह कदम नहीं उठा रहा है। उसने दावा किया कि उसके खिलाफ लगाए गए आरोप झूठे हैं और अगर जरूरत पड़े तो सीसीटीवी फुटेज की जांच कराई जाए।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *