नई दिल्ली। मई की शुरुआत के साथ ही कमर्शियल एलपीजी सिलिंडर के दामों में बड़ा उछाल आया है। 1 मई से 19 किलो वाले कमर्शियल सिलिंडर की कीमत में 993 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। राजधानी दिल्ली में अब इसकी कीमत 3071.50 रुपये हो गई है। हालांकि, आम उपभोक्ताओं को राहत देते हुए घरेलू एलपीजी सिलिंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
आम उपभोक्ताओं पर नहीं असर
इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के अनुसार, आम जनता से जुड़े प्रमुख ईंधनों की कीमतों में कोई संशोधन नहीं किया गया है। पेट्रोल और डीजल की खुदरा दरें स्थिर बनी हुई हैं, जिससे कुल खपत के लगभग 90 प्रतिशत उपभोक्ता प्रभावित नहीं होंगे।
इसके अलावा, करीब 33 करोड़ उपभोक्ताओं द्वारा उपयोग किए जाने वाले 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलिंडर की कीमतें भी जस की तस रखी गई हैं। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत मिलने वाले केरोसिन के दामों में भी कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है।
एटीएफ की कीमतों में आंशिक बदलाव
IOC ने बताया कि एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों की समीक्षा हर महीने की पहली तारीख को इनपुट लागत के आधार पर की जाती है। इस बार घरेलू एयरलाइनों के लिए दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए कीमतों में वृद्धि दर्ज की गई है।
सीमित दायरे में असर
तेल कंपनियों के अनुसार, यह मूल्य वृद्धि मुख्य रूप से कमर्शियल और औद्योगिक उपयोग तक सीमित है, जिसका कुल खपत में अपेक्षाकृत छोटा हिस्सा है। वैश्विक बाजार के उतार-चढ़ाव के आधार पर इन दरों में हर महीने संशोधन किया जाता है।
