वाराणसी, 27 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। गाजीपुर के कटरिया करंडा में किशोरी की मौत के मामले में पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे कांग्रेस नेताओं को सोमवार को वाराणसी एयरपोर्ट पर पुलिस ने रोककर हिरासत में ले लिया। अनिल जयहिंद के नेतृत्व में पहुंचे 20 से अधिक नेताओं को एयरपोर्ट परिसर के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से वाराणसी पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में मनोज यादव, अरविंद कुमार भारद्वाज और संतोष प्रजापति समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। वहीं, एयरपोर्ट पर उनका स्वागत करने पहुंचे महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे और जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल को भी पुलिस ने घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने सभी नेताओं को वाहनों में बैठाकर सिंधौरा थाने ले जाया, जबकि कुछ वरिष्ठ नेताओं को बड़ागांव थाने में रखा गया है। हिरासत में लिए गए नेताओं में राजेंद्र गौतम, अजय लल्लू, कर्मवीर सिंह बौद्ध, जितेंद्र बघेल और सुभाषिनी यादव भी शामिल बताए गए हैं।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के निर्देश पर यह प्रतिनिधिमंडल गाजीपुर जाकर पीड़ित परिवार से मुलाकात करने और शोक संवेदना व्यक्त करने जा रहा था। हालांकि, पुलिस ने उन्हें एयरपोर्ट से बाहर निकलने से पहले ही रोक दिया।
इससे पहले भी कई स्थानीय कांग्रेस नेताओं को नजरबंद किए जाने की जानकारी सामने आई है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई है और विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास है।
पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान कुछ नेताओं ने विरोध भी जताया, लेकिन पुलिस ने उन्हें जबरन वाहनों में बैठाकर थानों में ले जाकर हिरासत में रखा। फिलहाल सभी नेता पुलिस निगरानी में हैं और मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
