“15 वर्षों में टीएमसी ने बंगाल को किया कंगाल”: धानेखाली में सीएम योगी का तीखा हमला

लखनऊ/धानेखाली, 27 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। योगी आदित्यनाथ ने पश्चिम बंगाल के धानेखाली विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने बंगाल को “कंगाल” बना दिया है।

सीएम योगी ने कहा कि कभी कला, साहित्य और औद्योगिक समृद्धि के लिए प्रसिद्ध रहा बंगाल आज बदहाली की ओर धकेल दिया गया है। उन्होंने कांग्रेस, वामपंथी सरकारों और मौजूदा टीएमसी शासन को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया।

सभा के दौरान योगी आदित्यनाथ ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि “जय श्रीराम” और “हर-हर महादेव” जैसे नारों से वह असहज हो जाती हैं और उन्हें अपनी सत्ता डगमगाती नजर आती है।

उन्होंने बंगाल की सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद और सुभाष चंद्र बोस जैसे महान व्यक्तित्वों को याद किया। योगी ने कहा कि यह वही धरती है जिसने दुनिया को आध्यात्मिक और राष्ट्रवादी संदेश दिया, लेकिन आज यहां की स्थिति चिंताजनक हो गई है।

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में जनसांख्यिकीय बदलाव की कोशिश हो रही है और धार्मिक परंपराओं पर प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगर बंगाल में “डबल इंजन” की भाजपा सरकार बनती है, तो विकास कार्यों को गति मिलेगी और धार्मिक स्थलों को बेहतर सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

उत्तर प्रदेश का उदाहरण देते हुए योगी ने कहा कि 2017 से पहले यूपी में भी हालात खराब थे, लेकिन अब कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है, दंगे और कर्फ्यू खत्म हुए हैं और व्यापारियों व महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।

उन्होंने दावा किया कि 23 अप्रैल को हुए पहले चरण के मतदान के रुझानों से स्पष्ट है कि बंगाल में बदलाव की लहर है और 4 मई को परिणाम आने के बाद “डबल इंजन” सरकार बनने का रास्ता साफ होगा।

जनसभा में भाजपा समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी की और पार्टी के पक्ष में उत्साह दिखाया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *