प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश

वाराणसी, 21 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर सर्किट हाउस में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद होनी चाहिए। उन्होंने महिला सम्मेलन के दृष्टिगत सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं के आवागमन, वाहनों की पार्किंग और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

स्वच्छता और शहर प्रबंधन पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल के साथ पूरे शहर में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्ट्रीट डॉग और छुट्टा पशुओं को आश्रय स्थलों में रखने तथा स्ट्रीट वेंडरों के समुचित व्यवस्थापन पर भी जोर दिया, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

आमजन को न हो असुविधा
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रूट डायवर्जन की प्रभावी योजना बनाई जाए, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने प्रस्तावित परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की।

स्टेडियम और अन्य परियोजनाओं की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के कार्यों की समीक्षा करते हुए इसे जुलाई के प्रथम सप्ताह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही रोपवे परियोजना की प्रगति तेज करने, मणिकर्णिका घाट और दालमंडी सड़क चौड़ीकरण कार्य को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।

बैठक में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, महापौर अशोक तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *