जीजीआईसी, केडी सिंह बाबू स्टेडियम और एलयू बनीं चैंपियन


अस्मिता खेलो इंडिया जिला महिला लीग में कबड्डी, हैंडबॉल व वॉलीबाल का रोमांच

लखनऊ, 21 अप्रैल 2026। महिला खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित ‘अस्मिता खेलो इंडिया जिला महिला लीग’ का सफल आयोजन केडी सिंह बाबू स्टेडियम में किया गया। प्रतियोगिता में कबड्डी, हैंडबॉल और वॉलीबाल जैसे खेलों में महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

उत्तर प्रदेश ओलंपिक एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस लीग में कबड्डी में जीजीआईसी विकासनगर, हैंडबॉल में केडी सिंह बाबू स्टेडियम और वॉलीबाल में लखनऊ विश्वविद्यालय की टीम ने विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

कबड्डी : जीजीआईसी विकासनगर का दबदबा
भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में खेले गए कबड्डी मुकाबलों में जीजीआईसी विकासनगर ने फाइनल में दयानंद गर्ल्स कॉलेज लखनऊ को 37-12 से हराकर खिताब अपने नाम किया। सेमीफाइनल में दयानंद गर्ल्स कॉलेज ने एसकेडी एकेडमी वृंदावन को 38-12 से और जीजीआईसी विकासनगर ने चौक स्टेडियम को 37-13 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

कबड्डी प्रतियोगिता में जीजीआईसी विकासनगर, दयानंद गर्ल्स कॉलेज, चौक स्टेडियम, एसकेडी एकेडमी, एलपीएस वृंदावन, सेंट जोसेफ सीतापुर रोड, सेंट्रल एकेडमी और भारत स्पोर्ट्स एकेडमी की टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ रेडक्रास यूपी की पूर्व सचिव डॉ. हेमा बिंदु नायक ने किया, जबकि समापन पर समाजसेवी मुरलीधर आहूजा ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।

हैंडबॉल : केडी सिंह बाबू स्टेडियम ने मारी बाजी
हैंडबॉल प्रतियोगिता में केडी सिंह बाबू स्टेडियम की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए फाइनल में केवी एएमसी को 10-7 से हराकर खिताब जीत लिया। सेमीफाइनल में केडी सिंह बाबू स्टेडियम ने माउंट कार्मल को और केवी एएमसी ने जीजीआईसी को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।

प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी मुरलीधर आहूजा ने किया, जबकि समापन समारोह में उपक्रीड़ाधिकारी राजेश गौड़ ने पुरस्कार वितरित किए। इस दौरान हैंडबॉल कोच मोहम्मद तौहीद भी उपस्थित रहे।

वॉलीबाल : लखनऊ विश्वविद्यालय बना विजेता
वॉलीबाल लीग के फाइनल में लखनऊ विश्वविद्यालय ने एसवीएफ को 15-10 से हराकर खिताब अपने नाम किया। सेमीफाइनल में लखनऊ विश्वविद्यालय ने डीपीएस को और एसवीएफ ने केडी सिंह बाबू स्टेडियम को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

वॉलीबाल प्रतियोगिता का उद्घाटन लखनऊ वॉलीबाल संघ के सचिव संजय कुमार सिंह ने किया।

इस आयोजन ने न केवल महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दिया, बल्कि खेलों के प्रति युवतियों में उत्साह और आत्मविश्वास भी बढ़ाया।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *