फीस बढ़ोतरी के खिलाफ अभिभावकों का प्रदर्शन, डीएम कार्यालय पहुंचे, कार्रवाई की मांग

लखनऊ, 15 अप्रैल 2026 (यूएनएस)। राजधानी लखनऊ के जानकीपुरम क्षेत्र स्थित एक निजी विद्यालय द्वारा नए शैक्षिक सत्र में 30 प्रतिशत से अधिक फीस बढ़ाए जाने के विरोध में अभिभावकों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। नाराज अभिभावकों ने बुधवार सुबह जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे अभिभावकों का कहना है कि अचानक की गई भारी फीस वृद्धि से उन पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग की कि पूरे मामले की जांच कराई जाए और दोषी स्कूल प्रबंधन के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।

इससे पहले सोमवार को भी अभिभावकों ने जानकीपुरम स्थित विद्यालय के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान उन्होंने “शिक्षा को व्यापार बनाना बंद करो” और “लूट की दुकान बंद करो” जैसे नारे लगाकर विरोध जताया। प्रदर्शन बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई भी प्रतिनिधि अभिभावकों से बातचीत के लिए सामने नहीं आया।

जानकीपुरम सेक्टर एच निवासी राम लखन ने बताया कि उनके दो बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि प्रेप कक्षा की फीस 2200 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये और दूसरी कक्षा की फीस 2700 रुपये से बढ़ाकर 3500 रुपये कर दी गई है।

इसी तरह अभिभावक साधना मिश्रा ने बताया कि उनके दो बच्चों की फीस में इस सत्र में 30 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि कर दी गई है, जिससे परिवार का बजट प्रभावित हो रहा है।

सोमवार को करीब 50 से अधिक अभिभावक फीस बढ़ोतरी की शिकायत लेकर स्कूल पहुंचे थे और प्रबंधन से बातचीत करने की मांग कर रहे थे। हालांकि, स्कूल प्रबंधन ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया। करीब आधे घंटे के इंतजार के बाद अभिभावकों ने स्कूल गेट के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी की।

पुलिस के समझाने पर अभिभावक शांत तो हो गए, लेकिन उनकी स्कूल प्रबंधन से कोई बातचीत नहीं हो सकी। इसके बाद अभिभावकों ने आईजीआरएस सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से भी शिकायत दर्ज कराई।

बुधवार को अभिभावकों ने डीएम कार्यालय पहुंचकर एक बार फिर अपनी मांग दोहराई और कहा कि यदि जल्द ही फीस वृद्धि पर रोक नहीं लगाई गई, तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *