खामोश हुई सुरों की जादुई दुनिया, आशा भोसले को राष्ट्रपति, पीएम समेत नेताओं की श्रद्धांजलि

नई दिल्ली। दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले के 92 वर्ष की आयु में निधन से देशभर में शोक की लहर है। उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन से संगीत जगत ही नहीं, बल्कि राजनीतिक जगत में भी गहरा दुख व्यक्त किया जा रहा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आशा भोसले के निधन से संगीत जगत में एक बड़ा खालीपन आ गया है। उन्होंने कहा कि अपने शानदार करियर के जरिए उन्होंने भारतीय संगीत के एक पूरे युग को परिभाषित किया। राष्ट्रपति ने उनके साथ बिताए व्यक्तिगत पलों को याद करते हुए कहा कि उनकी मधुर आवाज हमेशा अमर रहेगी और उनका जाना संगीत प्रेमियों के लिए अपूरणीय क्षति है।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी गहरा शोक जताते हुए कहा कि आशा भोसले की बहुमुखी प्रतिभा और उनकी अमर आवाज आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें भारत की सबसे प्रतिष्ठित और बहुमुखी प्रतिभा की धनी शख्सियतों में से एक बताते हुए कहा कि उनकी दशकों लंबी संगीतमय यात्रा ने देश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध किया और दुनिया भर के लोगों के दिलों को छुआ।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आशा भोसले का निधन संगीत जगत के लिए अपूरणीय क्षति है और उनके सुमधुर गीतों की गूंज सदैव बनी रहेगी।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें भारतीय संगीत की महान हस्ती बताते हुए कहा कि उन्होंने अपनी विलक्षण प्रतिभा से संगीत को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया और अनेक गीतों को अमर बना दिया।

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आशा भोसले की मधुर आवाज और बहुमुखी प्रतिभा ने भारतीय संगीत को समृद्ध किया और उन्होंने विभिन्न भाषाओं और शैलियों में अपनी अमिट छाप छोड़ी।

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि आशा भोसले करोड़ों भारतीयों के दिलों की आवाज थीं और उनका निधन अपूरणीय क्षति है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि आशा भोसले ने अपनी बेमिसाल गायकी से भारतीय संगीत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उनकी सुरीली आवाज हमेशा लोगों के दिलों में गूंजती रहेगी।

आशा भोसले के निधन से भारतीय संगीत जगत के एक स्वर्णिम युग का अंत हो गया है। उनके गीत और उनकी आवाज आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत बनी रहेंगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *