लखनऊ/मऊ। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने मऊ जनपद के नियाज़ मोहम्मदपुर में लगभग 68 लाख रुपये की लागत से निर्मित सईदी रोड का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों को इसी गति से आगे बढ़ाया जाएगा।
अपने संबोधन में मंत्री ने मऊ की औद्योगिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि पर्दा मिल परिसर में जल्द ही एक आधुनिक औद्योगिक संकुल विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मऊ की पुरानी औद्योगिक पहचान को पुनः स्थापित करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
मंत्री शर्मा ने कहा कि अब समय बदल चुका है और सरकार युवाओं को सही दिशा देने के लिए कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि “वोट नहीं, विकास हमारी प्राथमिकता है” और डबल इंजन सरकार के माध्यम से प्रदेश में संतुलित विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण, रोजगार सृजन और हर वर्ग तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे मऊ में खुशहाली और मुस्कान वापस लाई जा सके।
अपने दौरे के दौरान मंत्री ने मैक्स चैरिटेबल ब्लड सेंटर का शुभारंभ भी किया और रक्तदान के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि “रक्तदान ही महादान है”, जो जरूरतमंदों के जीवन को बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।
