रफ्तार और रोमांच का नया मंच, 9 अप्रैल से लखनऊ में सजेगी यूपी प्रो हैंडबॉल लीग

लखनऊ, 06 अप्रैल 2026, RNN। राजधानी लखनऊ में इन दिनों खेलों का उत्साह चरम पर है। इंडियन प्रीमियर लीग के मुकाबलों के बीच अब शहर के खेल प्रेमियों को ‘यूपी प्रो हैंडबॉल लीग’ के रूप में तेज रफ्तार और रोमांच का नया अनुभव मिलने जा रहा है। उत्तर प्रदेश की पहली आधिकारिक हैंडबॉल लीग का आयोजन 9 से 14 अप्रैल 2026 तक केडी सिंह बाबू स्टेडियम के भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी बहुउद्देश्यीय हॉल में किया जाएगा।

लीग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय और संस्थापक व प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय ने सोमवार को प्रेस वार्ता में मैचों का कार्यक्रम जारी किया। उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित इस लीग में प्रदेश की छह प्रमुख टीमें दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि, विजेता ट्रॉफी और गौरव के लिए जोरदार मुकाबला करेंगी।

डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि लखनऊ इस समय देश का प्रमुख स्पोर्ट्स हब बनता जा रहा है और आईपीएल मैचों के बीच प्रदेश की पहली प्रो हैंडबॉल लीग शुरू करना खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के लिए एक बड़ा अवसर है। उन्होंने बताया कि इस लीग में कुल छह टीमें—काशी किंग्स, मथुरा ब्रज स्टार, नोएडा ब्लास्टर्स, गाजियाबाद पैंथर्स, बर्बरीक वारियर्स और गोरखपुर राउडीज़—भाग लेंगी। विजेता टीम को 2 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा।

लीग के संस्थापक अमित पाण्डेय ने बताया कि प्रत्येक मुकाबला 20-20 मिनट के दो हाफ के फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिससे खेल में तेज़ी और रोमांच बना रहेगा। लीग चरण में कुल 15 मुकाबले खेले जाएंगे और शीर्ष दो टीमें 14 अप्रैल को फाइनल में आमने-सामने होंगी। प्रतिदिन तीन मैच आयोजित किए जाएंगे।

लीग की ब्रांड एंबेसडर और अभिनेत्री सबिता कलवार ने कहा कि हैंडबॉल की रफ्तार और जुनून का जो नया सफर लखनऊ से शुरू हो रहा है, उसका हिस्सा बनकर वह बेहद उत्साहित हैं और उन्हें विश्वास है कि प्रदेश के खिलाड़ी पूरे देश में अपनी पहचान बनाएंगे।

इस लीग का भव्य उद्घाटन 9 अप्रैल को दोपहर एक बजे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक सुशील सिंह और राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी भी मौजूद रहेंगी।

खेल प्रेमियों के लिए लीग का सीधा प्रसारण दूरदर्शन, वेव ओटीटी, फैन कोड और स्पोर्ट्स कास्ट जैसे विभिन्न प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा।

प्रमुख जानकारियां एक नजर में

  • आयोजन तिथि: 9 से 14 अप्रैल 2026
  • स्थान: केडी सिंह बाबू स्टेडियम, लखनऊ
  • कुल मैच: 16 (15 लीग, 1 फाइनल)
  • प्रतिदिन मैच: 3
  • मैच प्रारूप: दो हाफ (20-20 मिनट), दो मिनट का ब्रेक
  • पुरस्कार राशि: विजेता – 2 लाख रुपये, उपविजेता – 1 लाख रुपये

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *