लखनऊ, 05 अप्रैल, 2026। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को जनपद गाजियाबाद में आयोजित सप्तऋषियों में एक महर्षि कश्यप एवं प्रभु श्रीराम के परमसखा निषादराज गुह के जन्मोत्सव महाकुंभ में सहभागिता करते हुए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया तथा कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र वितरित किए और दिव्यांगजनों को ट्राई साइकिल प्रदान कर सम्मानित किया।
अपने संबोधन में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन स्थापित हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य को दंगों और अपराध के भय से मुक्त कर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है, जिससे प्रदेश में शांति और सुरक्षा का वातावरण बना है।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि इन योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत प्रदेश में लगभग 60 लाख गरीब और वंचित परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं, जबकि देशभर में करीब 4 करोड़ लोगों को इस योजना से लाभान्वित किया गया है और आने वाले समय में 3 करोड़ और आवास उपलब्ध कराए जाएंगे।
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि सौभाग्य योजना के माध्यम से गरीब परिवारों को बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत देश के लगभग 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने श्रृंगवेरपुर धाम के विकास और श्रीराम मंदिर अयोध्या के निर्माण को ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम, जो निषादराज की राजधानी रहा है, वहां 200 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य कराए गए हैं, जिससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने भगवान श्रीराम और निषादराज की मित्रता का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संबंध सामाजिक समरसता, भाईचारे और समानता का प्रतीक है। प्रयागराज स्थित श्रृंगवेरपुर धाम में दोनों की गले मिलती प्रतिमा इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचा रही है।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कश्यप निषाद समाज के लोगों की भारी भागीदारी रही। कार्यक्रम का आयोजन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेन्द्र कश्यप के नेतृत्व में किया गया। उप मुख्यमंत्री ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम अब क्षेत्रीय स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय स्वरूप ले रहा है, जिसमें विभिन्न प्रदेशों से लोग सहभागिता कर रहे हैं।
इस अवसर पर सांसद अतुल गर्ग, विधायक अजीत पाल त्यागी, संजीव शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
