दिल्ली के खिलाड़ियों के बीच एकल फाइनल, मयंक शर्मा और वंश बिष्ट में होगी खिताबी भिड़ंत

स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट

लखनऊ, 26 मार्च 2026। शीर्ष वरीय दिल्ली के मयंक शर्मा और दिल्ली के वंश बिष्ट ने स्वरुप अग्रवाल मेमोरियल आइटा पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट के एकल वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबलों में जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बना ली है। अब दोनों खिलाड़ियों के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। दूसरी ओर युगल वर्ग में तीसरी वरीय मुकिल रामानन व रिकी चौधरी तथा मयंक शर्मा व वंश नंदल की जोड़ियों ने फाइनल में स्थान सुरक्षित कर लिया है।

इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित एक लाख रुपये की प्राइजमनी वाले इस टूर्नामेंट का आयोजन एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में किया जा रहा है।

एकल के पहले सेमीफाइनल में शीर्ष वरीय दिल्ली के मयंक शर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठवीं वरीय हरियाणा के अर्नत्या ओह्ल्यान को एकतरफा मुकाबले में 6-1, 6-0 से पराजित किया। मयंक ने पूरे मैच में बेहतरीन सर्विस और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई अवसर नहीं दिया।

दूसरे सेमीफाइनल में दिल्ली के वंश बिष्ट ने फाइनल में जगह बनाई, हालांकि यह मुकाबला पूरा नहीं खेला जा सका। हरियाणा के वंश नंदल ने मैच बीच में ही छोड़ दिया। उस समय वंश बिष्ट पहले सेट में 4-1 की बढ़त बनाए हुए थे और मैच पर उनकी पकड़ मजबूत हो चुकी थी।

युगल की फाइनल लाइनअप तय

युगल के पहले सेमीफाइनल में तीसरी वरीय मुकिल रामानन व रिकी चौधरी की जोड़ी ने रोमांचक मुकाबले में लव पहल व जसराज सिंह को टाईब्रेक में 7-6(5), 6-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पहले सेट में दोनों जोड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जो टाईब्रेक तक पहुंचा, जहां मुकिल-रिकी ने बेहतर संयम का परिचय दिया। दूसरे सेट में उन्होंने आक्रामक खेल दिखाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

वहीं दूसरे सेमीफाइनल में वंश नंदल व मयंक शर्मा की जोड़ी ने पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए सुनील कुमार व एकलव्य सिंह को सुपर टाईब्रेक में 5-7, 6-4, 10-4 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। पहला सेट गंवाने के बाद मयंक-वंश ने रणनीति में बदलाव करते हुए बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन किया, जिसका उन्हें पूरा लाभ मिला।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *