ईद का चांद नहीं दिखा, अब शनिवार को मनाई जाएगी ईद-उल-फित्र

नई दिल्ली, 19 मार्च। देशभर में बृहस्पतिवार को ईद का चांद नजर नहीं आने के बाद अब ईद-उल-फित्र का त्यौहार शनिवार, 21 मार्च को मनाया जाएगा। शुक्रवार को रमजान का 30वां और आखिरी रोजा रखा जाएगा।

फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मौलाना मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर में आसमान में बादल छाए रहने के कारण चांद दिखाई नहीं दिया। उन्होंने कहा कि गुजरात, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न राज्यों की चांद समितियों से संपर्क किया गया, लेकिन कहीं से भी चांद दिखने की पुष्टि नहीं हुई।

इसी आधार पर निर्णय लिया गया कि ईद-उल-फित्र शनिवार को मनाई जाएगी और शुक्रवार को रमजान का अंतिम रोजा होगा।

वहीं, जामा मस्जिद के नायब शाही इमाम सैयद शाबान बुखारी ने भी बयान जारी कर कहा कि देश के किसी भी हिस्से से चांद नजर आने की सूचना नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि इस्लामी कैलेंडर के अनुसार शव्वाल महीने की पहली तारीख शनिवार को होगी और इसी दिन ईद मनाई जाएगी।

उधर, जमीयत उलेमा-ए-हिंद से जुड़े इमारत-ए-शरिया हिंद ने भी आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि गुरुवार को कहीं भी चांद नहीं दिखा, इसलिए ईद 21 मार्च को ही मनाई जाएगी।

गौरतलब है कि इस समय इस्लामी कैलेंडर का नौवां महीना रमजान चल रहा है, जिसमें मुस्लिम समुदाय रोजा रखता है। यह महीना चांद दिखने के साथ समाप्त होता है और शव्वाल की पहली तारीख को ईद-उल-फित्र का पर्व मनाया जाता है। इस्लामी कैलेंडर के अनुसार महीना 29 या 30 दिन का होता है, जो चांद दिखने पर निर्भर करता है।

मौलाना अहमद ने लोगों से अपील की कि संपन्न परिवार ईद की नमाज से पहले ‘फित्रा’ (दान) जरूर अदा करें। उन्होंने कहा कि मध्यम वर्गीय परिवार को प्रति सदस्य लगभग 100 रुपये फित्रा देना चाहिए, ताकि जरूरतमंदों को भी ईद की खुशियों में शामिल किया जा सके।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *