सपा कार्यालय में मासिक बैठक संपन्न, 15 मार्च को मनाया जाएगा ‘पीडीए दिवस’

शाहजहांपुर। समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय, मोहल्ला बिजलीपुरा में सोमवार को महानगर कार्यकारिणी, जिला कार्यकारिणी और नगर विधानसभा कार्यकारिणी की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सपा जिला अध्यक्ष एवं पूर्व चेयरमैन तनवीर खान ने की।

बैठक का मुख्य उद्देश्य पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार बहुजन नायक मान्यवर कांशीराम के 92वें जन्मदिवस के अवसर पर 15 मार्च 2026 को “बहुजन समाज दिवस अर्थात पीडीए दिवस” को भव्य रूप से मनाने की तैयारियों पर चर्चा करना रहा। यह कार्यक्रम शहर के कोहिनूर मैरिज लॉन में आयोजित किया जाएगा।

बैठक में एसआईआर से संबंधित नोटिसों के निस्तारण और प्रत्येक बूथ पर अधिक से अधिक वोट बढ़ाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री अवधेश कुमार वर्मा, पूर्व विधायक रोशन लाल वर्मा, सपा जिला महासचिव रणजय सिंह यादव, प्रदेश सचिव विजय सिंह और रामसूरत यादव, सपा महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव गायत्री वर्मा, नगर विधानसभा अध्यक्ष अतिउल्ला सिद्दीकी, सपा महानगर अध्यक्ष चौधरी रामकुमार भोजवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर पर कार्य विस्तार और पीडीए दिवस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। पार्टी नेताओं ने कहा कि सामाजिक न्याय और बहुजन हितों के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *