महिला दिवस पर आदर्श कॉलोनी पार्क में ‘हल्ला गुल्ला क्लब’ का भव्य आयोजन, महिलाओं को किया गया सम्मानित

लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ के आदर्श कॉलोनी पार्क में ‘हल्ला गुल्ला क्लब’ की ओर से एक भव्य और उत्साहपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ इस खास दिन को मनाया। कार्यक्रम का आयोजन रीता वर्मा, प्रियंका केशरी और सपना खंडेलवाल के विशेष सहयोग और कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि स्थानीय सभासद शिवम उपाध्याय रहीं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज के विकास और प्रगति में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और उनके सशक्तिकरण के बिना समृद्ध समाज की कल्पना नहीं की जा सकती।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए कई मनोरंजक गतिविधियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने गीत-संगीत, नृत्य और अन्य कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय बन गया। कार्यक्रम में मौजूद महिलाओं ने एक-दूसरे के साथ अपने अनुभव साझा किए और महिला एकता तथा सशक्तिकरण का संदेश दिया।

आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को सम्मान देना और उन्हें समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का एहसास कराना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ ही समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं।

कार्यक्रम के अंत में ‘हल्ला गुल्ला क्लब’ की ओर से सभी महिलाओं को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि शिवम उपाध्याय ने महिलाओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में क्षेत्र की कई गणमान्य महिलाएं और स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *