मार्च की शुरुआत में ही बढ़ी गर्मी, कई जिलों में तापमान सामान्य से 7 डिग्री तक अधिक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मार्च के पहले ही सप्ताह में गर्मी का असर तेज होने लगा है। मौसम के मौजूदा हालात संकेत दे रहे हैं कि इस वर्ष प्रदेश में सामान्य से अधिक गर्मी पड़ सकती है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मार्च के दौरान कई जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने की आशंका है।

शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। झांसी प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा बांदा में 35.6 डिग्री और आगरा में 35.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 6 से 7 डिग्री सेल्सियस तक अधिक रहा। आगरा में तापमान औसत से 7.1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया, जबकि अलीगढ़ में 6.8 डिग्री और उरई में 6.7 डिग्री सेल्सियस का विचलन दर्ज किया गया। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि प्रदेश में गर्मी तेजी से बढ़ रही है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक फिलहाल प्रदेश में कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है। ऐसे में अगले सात दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है।

उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों के भीतर अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यही रुझान जारी रहा तो मार्च के मध्य तक प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है।

Related Post

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *